1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव: बादली सीट पर कौन सी पार्टी मारेगी बाजी, यहां जानें समीकरण

दिल्ली विधानसभा चुनाव: बादली सीट पर कौन सी पार्टी मारेगी बाजी, यहां जानें समीकरण

 Published : Jan 09, 2025 12:21 pm IST,  Updated : Jan 10, 2025 01:31 pm IST

दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है। इस चुनाव में बादली सीट पर मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। आइए जानते हैं क्या है बादली विधानसभा सीट का समीकरण।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025- India TV Hindi
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 Image Source : INDIA TV

देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है। केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को वोटिंग होगी तो वहीं, 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम सामने आएंगे। इस चुनाव में प्रदेश की बादली विधानसभा सीट को हॉट सीट माना जा रहा है। यहां आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कि क्या है दिल्ली की बादली विधानसभा सीट का सियासी समीकरण।

क्या हैं समीकरण?

बादली सीट दिल्ली के 70 निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। यहां का निर्वाचन क्षेत्र कोड 5 है। बादली विधानसभा सीट पर कुल वोटर्स की संख्या 1 लाख 40 हजार के करीब है। सीट पर पुरुष वोटर्स की संख्या 79 से ज्यादा है तो वहीं, महिला वोटर्स की संख्या 60 हजार से ज्यादा है। बता दें कि बादली सीट दिल्ली की उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। इस सीट पर लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को जीत मिली है।

कौन-कौन हैं उम्मीदवार?

दिल्ली की बादली विधानसभा सीट पर AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने यहां से अजेश यादव को अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने दीपक चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाया है। तो वहीं, कांग्रेस ने देवेंद्र यादव को टिकट दिया है। 

क्या रहा है बीते चुनावों का परिणाम?

साल 2020 में बादली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी को जीत मिली थी। AAP उम्मीदवार अजेश यादव ने 69,357 वोट हासिल कर के अपने विरोधी बीजेपी के विजय कुमार भगत को 29 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया था। चुनाव में बीजेपी के विजय कुमार भगत को 40234 वोट और कांग्रेस के देवेंदर यादव को 27449 वोट हासिल हुए थे। वहीं, साल 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी को जीत मिली थी। AAP के अजेश यादव को 72,795 वोट, कांग्रेस के देवेन्द्र यादव को 37,419 वोट और बीजेपी के राजेश यादव को 28,238 वोट हासिल हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।