1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनाव: अवध ओझा के लिए आई खुशखबरी, पटपड़गंज से चुनाव लड़ने का रास्ता हुआ साफ

दिल्ली चुनाव: अवध ओझा के लिए आई खुशखबरी, पटपड़गंज से चुनाव लड़ने का रास्ता हुआ साफ

 Published : Jan 14, 2025 06:33 am IST,  Updated : Jan 14, 2025 07:00 am IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अवध ओझा के लिए खुशखबरी आई है। उनका पटपड़गंज से चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है।

AAP CANDIDATE AWADH OJHA- India TV Hindi
पटपड़गंज से AAP उम्मीदवार अवध ओझा। Image Source : PTI

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है। केंद्रशासित प्रदेश के सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों में लगे हुए हैं। इस चुनाव में सोशल मीडिया पर पॉपुलर शिक्षक अवध ओझा भी मैदान में उतरे हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने अवध ओझा को दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, सोमवार को अवध ओझा के चुनाव लड़ने पर संकट के बादल छा गए। दरअसल, अवध ओझा का वोटर ID कार्ड ट्रांसफर नहीं हो पा रहा था जिस कारण उनके नामांकन दाखिल करने में समस्या आ रही थी। हालांकि, अब आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी है कि चुनाव आयोग ने अवध ओझा का वोटर ID कार्ड ट्रांसफर करने की अनुमति दे दी है।

कहां फंसा था पेंच?

दरअसल, पटपड़गंज विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अवध ओझा ग्रेटर नोएडा के वोटर हैं। अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि अवध ओझा ने दिल्ली के वोटर कार्ड के लिए 26 दिसंबर को आवेदन किया था। फिर उन्होंने वोटर ID कार्ड ट्रांसफर करने के लिए 7 जनवरी को आवेदन किया था, लेकिन वो अभी तक नहीं बना है। दिल्ली चुनाव आयोग ने पहले ये नोटिस निकाला था कि वोटर कार्ड बनाने की आखिरी तारीख 7 जनवरी है, जिसे फिर बदलकर 6 जनवरी कर दिया गया। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में अवध ओझा सर को लड़ने से जानबूझकर रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

चुनाव आयोग ने दी अनुमति

चुनाव आयोग ने सोमवार को अवध ओझा का नाम ग्रेटर नोएडा की मतदाता सूची से दिल्ली ट्रांसफर करने की अनुमति दे दी है। अब आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अवध ओझा पटपड़गंज विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल कर सकेंगे। अरविंद केजरीवाल ने इस बारे में जानकारी दी है और इसे अच्छी खबर बताया है।

कब है दिल्ली में चुनाव?

दिल्ली विधानसभा का चुनाव त्रिकोणीय हो गया है। यहां आम आदमी पार्टी, भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। कांग्रेस भी पूरे दमखम से चुनाव मैदान में उतर रही है। दिल्ली में 70 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव एक ही चरण में संपन्न कराया जाएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 5 फरवरी 2025 की तारीख को होगी। वहीं, चुनाव का परिणाम 8 फरवरी 2025 को जारी किया जाएगा। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ FIR दर्ज की, पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के फोटो लगाकर शेयर किए थे वीडियो

दिल्ली चुनाव: "राहुल गांधी जी दिल्ली आए, उन्होंने मुझे बहुत गालियां दीं, पर मैं...", केजरीवाल का जवाब

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।