1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. "हर हफ्ते मुझे एक परीक्षा देनी होती है- ‘आप की अदालत’ की परीक्षा", Mental Health Festival - AIIMS Delhi के कार्यक्रम में बोले रजत शर्मा

"हर हफ्ते मुझे एक परीक्षा देनी होती है- ‘आप की अदालत’ की परीक्षा", Mental Health Festival - AIIMS Delhi के कार्यक्रम में बोले रजत शर्मा

 Reported By: Anamika Gaur,  Edited By: Mangal Yadav
 Published : Oct 08, 2026 12:00 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 12:28 pm IST

इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा ने मेंटल हेल्थ फ़ेस्टिवल कार्यक्रम में शिरकत की और कहा कि मुझे भी हर सप्ताह ‘आप की अदालत’ के कार्यक्रम में एक परीक्षा देनी होती है।

इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा - India TV Hindi
इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा Image Source : REPORTER

नई दिल्लीः इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा ने एम्स दिल्ली में आयोजित मेंटल हेल्थ फ़ेस्टिवल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 'आप की अदालत' से जुड़े कई किस्से भी सुनाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रजत शर्मा ने कहा कि जसवीर सिंह जस्सी नाम के मेरे दोस्त ने मुझे फोन करके कहा कि आपको AIIMS में बुलाया गया है। मैंने पूछा, क्यों? तो उन्होंने कहा, “मेंटल हेल्थ के लिए।” मैंने कहा, “मेरी मेंटल हेल्थ तो ठीक है।” इसके बाद उन्होंने मुझे इस कार्यक्रम के बारे में बताया। 

‘आप की अदालत’ के मेहमानों से बहुत कुछ सीखा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रजत शर्मा ने कहा, "हर हफ्ते मुझे एक परीक्षा देनी होती है। वो है ‘आप की अदालत’ की परीक्षा। इस परीक्षा का पेपर कभी लीक नहीं होता। आप जितनी किताबें पढ़ेंगे, उतना ही बहुत कुछ सीख सकते हैं। ‘आप की अदालत’ में एक मेहमान आए थे, जिन्होंने मुझे बहुत बड़ी सीख दी। वह स्कूल नहीं गए, उन्होंने किताबें नहीं पढ़ीं और बिहार के एक गांव से थे। इसके बावजूद उन्होंने करीब 4 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई। उनका नाम है अनिल अग्रवाल...। मैंने उनसे बहुत-सी बातें सीखीं। मैंने उनसे पूछा कि आप यहां तक कैसे पहुंचे? उन्होंने कहा, “अगर आपको काम करना है तो आपका ड्रेस और एड्रेस अच्छा होना चाहिए।” 

इसके अलावा उन्होंने कंगना रनौत और मैरी कॉम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "आप की अदालत में कंगना रनौत आई थीं। किसी को नहीं पता था कि वह क्या बोल जाएंगी। मैं कभी किसी की निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा सवाल नहीं पूछता, लेकिन जब मैंने उनसे उनके एक्स-बॉयफ्रेंड के बारे में पूछा तो वह काफी कुछ बोल गईं। फिर मैरी कॉम आईं। मैंने सोचा था कि खेल के बारे में बातचीत होगी, लेकिन उन्होंने अपने एक्स-हसबैंड के बारे में बात करना शुरू कर दिया। तब सवाल यह था कि ऐसे लोगों से कैसे बात की जाए, जो बोलना ही नहीं चाहते?"

सलमान खान पर भी बोले

रजत शर्मा ने एक्टर सलमान खान से जुड़ा किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा, "आप की अदालत में सलमान खान भी आए, जो बोलने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। शत्रुघ्न सिन्हा के कहने पर वह ‘आप की अदालत’ में आए थे। पहली बार उन्होंने अपने एक्सीडेंट के बारे में बात की। ब्लैक बक मामले के बारे में बात की। फिर मैंने ऐश्वर्या के बारे में पूछा और लगे हाथ कैटरीना के बारे में भी पूछ लिया। कार्यक्रम टेलीकास्ट होने के बाद मैंने उनसे जानना चाहा कि उनका क्या रिएक्शन था।" उन्होंने कहा, "एक इवेंट में सलमान मुझे फिर मिले। उन्होंने मुझे गले लगाया और सिर्फ इतना कहा- "सर, सर, सर...।" 'आप की अदालत' ने एक दुश्मन को मेरा दोस्त बना दिया। ‘आप की अदालत’ में जो लोग आए, वे कुछ न कुछ सिखाकर गए।"

इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा
Image Source : REPORTERइंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा

आप की अदालत में अरुण जेटली से पूछे थे तीखे सवाल

उन्होंने कहा, "एक सवाल अक्सर पूछा जाता है- क्या जब आपके जानने वाले लोग ‘आप की अदालत’ में आते हैं तो आपका सवाल पूछने का तरीका बदल जाता है? ‘आप की अदालत’ में मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक अरुण जेटली जी, आए थे। कार्यक्रम के बाद वह अक्सर रुकते थे, लेकिन उस दिन वह नहीं रुके। उनके जाने के बाद मेरी पत्नी ने मुझसे कहा, “You were unfair to him.” कार्यक्रम टेलीकास्ट होने के बाद मुझे फोन भी आया कि तुमने अरुण जेटली के साथ सही नहीं किया। लेकिन जब मैंने खुद उनसे जाकर बात की तो उन्होंने कहा, “सवाल पूछना तुम्हारा काम है और जवाब देना मेरा काम। हम यहां नूरा-कुश्ती के लिए थोड़ी बैठे थे।”

बच्चों की बातों की सुनें माता-पिता

रजत शर्मा ने कहा कि जिन लोगों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी होती है, वे तब सबसे ज्यादा परेशान होते हैं, जब कोई उनकी इस परेशानी के लिए उनका मजाक उड़ाता है या उनका अपमान करता है। मैं माता-पिता से कहता हूं कि अपने बच्चों को सुनिए। अगर आप उन्हें नहीं सुनेंगे तो वे बाहर जाकर किसी और से अपनी बातें साझा करेंगे और फिर आपको अच्छा नहीं लगेगा। मैं आपसे बस इतना कहना चाहता हूं कि अगर कोई आपके पास अपना कोरा कागज लेकर आए, तो उसे यह बताइए कि वह अपने उस कोरे कागज का हवाई जहाज बनाकर उसे आसमान में कैसे उड़ा सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।