1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'दिल्ली विधानसभा चुनाव महाभारत जैसा धर्मयुद्ध', चांदनी चौक में गरजे केजरीवाल

'दिल्ली विधानसभा चुनाव महाभारत जैसा धर्मयुद्ध', चांदनी चौक में गरजे केजरीवाल

 Published : Nov 17, 2024 08:16 pm IST,  Updated : Nov 17, 2024 09:23 pm IST

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दैवीय शक्तियां आम आदमी पार्टी के पक्ष में हैं। दिल्ली विधानसभा का चुनाव महाभारत जैसा धर्मयुद्ध होगा। उन्होंने पार्टी की एक मीटिंग में यह बात कही।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल, दिल्ली Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा को लेकर आम आदमी पार्टी ने कमर कसना शुरू कर दिया है। पार्टी ने चांदनी चौक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों का एक सम्मलेन आयोजित किया। इस सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए। उन्होंने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव की तुलना 'धर्मयुद्ध' से की और कहा कि यह महाभारत के समान एक धर्मयुद्ध है। 

स्थानीय बैठकों पर जोर

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दैवीय शक्तियां आम आदमी पार्टी के पक्ष में हैं । उन्होंने दिल्ली नगर निगम महापौर चुनाव में पार्टी की जीत का हवाला दिया। केजरीवाल ने पार्टी के बूथ और जिला स्तर के कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने की चुनौती लेने का आग्रह किया और आप का संदेश पहुंचाने के लिए कम से कम 65,000 स्थानीय बैठकों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को आप की उपलब्धियों की याद दिलाते हुए दिल्ली की कॉलोनियों में 10,000 किलोमीटर सड़कें बनाने का श्रेय लिया और कहा कि भाजपा उन 20 राज्यों में भी इस उपलब्धि की बराबरी नहीं कर सकती जहां वह सत्ता में है। 

आप सीमित संसाधनों वाली छोटी पार्टी 

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, "हम सीमित संसाधनों वाली एक छोटी पार्टी हैं। भाजपा के पास अपार धन और शक्ति है, लेकिन उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए कभी कुछ नहीं किया क्योंकि उनमें सेवा करने की इच्छाशक्ति का अभाव है।" उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे टिकट पाने वाले उम्मीदवार की ओर न देखें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "आपको ऐसे काम करना चाहिए जैसे कि मैं (दिल्ली में) सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ रहा हूं।" दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने वाले हैं।

बीजेपी ने साधा निशाना

इस बीच बीजेपी ने आम आदमी पार्टी और खास तौर से अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पार्टी ने खास बनने के लिए अपने ‘‘राजनीतिक मूल्य बदल’’ लिए। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पार्टी छोड़ने वाला हर व्यक्ति निराश है, क्योंकि आम आदमी पार्टी अब केवल अरविंद केजरीवाल की पार्टी बन गई है। यह ‘अरविंद आदमी पार्टी’ बन गई है।’’

पूनावाला ने कहा, ‘‘अपने इस्तीफे में कैलाश गहलोत ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) एक ‘खास’ पार्टी बन गई है, जिसने राजनीतिक स्वरूप बदल लिया है और सभी मूल्यों (जिसके लिए पार्टी बनी थी) से दूर हो गई है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ भ्रष्टाचार में लिप्त है और उसने दिल्ली के लोगों से किए गए सभी वादे तोड़ दिए, चाहे वह राष्ट्रीय राजधानी को प्रदूषण मुक्त करना हो या यमुना नदी की सफाई करना हो। पूनावाला ने कहा, ‘‘और जो लोग वादा करते थे कि वे कांग्रेस के साथ हाथ नहीं मिलाएंगे और बड़े-बड़े बंगले स्वीकार नहीं करेंगे, वे ‘शीशमहल’ में व्यस्त हो गए और अपने निजी हितों को अधिक महत्व देने लगे।’’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गहलोत ने केवल पार्टी नहीं छोड़ी है, बल्कि केजरीवाल को ‘‘बेनकाब’’ भी किया है। (इनपुट-भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।