राजधानी दिल्ली में एक महिला की मौत के मामले की जांच कर रही पुलिस के लिए एक नोज पिन यानी नाक की पिन अहम सुराग साबित हुई है। राजधानी दिल्ली में राजधानी दिल्ली में बीते दिनों एक महिला का शव नाले में मिला था। घटना 15 मार्च की है, जब नाले में एक शव चादर में लपेटा हुआ और पत्थर और सीमेंट की बोरी से बांधा हुआ पाया गया। इस दौरान पुलिस के लिए जांच को आगे बढ़ाने में मुश्किल हो रही थी और महिला के शव की पहचान नहीं हो पा रही थी। इस दौरान पुलिस ने महिला की नोज पिन के जरिए महिला की पहचान की और इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को मदद मिली। इस मामले में पुलिस ने महिला के व्यवसायी पति अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के नोज पिन ने खोला राज
दरअसल पुलिस ने जब महिला के शव को बरामद किया तो उसकी पहचान कर पाना सबसे मुश्किल था। इस दौरान महिला की नोज पिन के जरिए पुलिस ने सुराग का पता लगाना शुरू किया तो पुलिस को पता चला कि दिल्ली एक ज्वेलरी स्टोर से उस नोज पिन को खरीदा गया था। जब पुलिस ने रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि नोज पिन दिल्ली के एक प्रॉपर्टी डीलर अनिल कुमार ने खरीदी थी, जो गुरुग्राम के एक फार्महाउस में रहता था। बिल उसके नाम पर जारी किया गया था। इसी के आधार पर जब पुलिस ने आगे जांच की तो महिला की पहचान 47 वर्षीय सीमा सिंह के रूप में हुई।
पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
दरअसल जब पुलिस ने अनिल कुमार से संपर्क किया तो पता चला कि सीमा सिंह उनकी पत्नी है। जब अधिकारियों ने अनिल कुमार से अपनी पत्नी से बात कराने के लिए कहा तो अनिल कुनार ने कहा कि उनकी पत्नी बिना फोन के ही वृंदावन गई हैं। इससे पुलिस को शक हुआ। इसके बाद पुलिस द्वारका में स्थित अनिल कुमार के दफ्तर पहुंची, जहां उन्हें एक डायरी में उनकी सास का नंबर मिला। परिवार से संपर्क करने पर मृतका की बहन बबीता ने बताया कि 11 मार्च के बाद से ही उनकी बात सीमा से नहीं हुई है और उनका परिवार इसे लेकर परेशान है।
आरोपी पति गिरफ्तार
बबीता ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने अनिल से संपर्क किया तो अनिल ने बताया कि सीमा जयपुर में है और वह किसी से बात करने के मूड में नहीं है। अनिल ने बताया कि सीमा का कहना है कि जब वह बेहतर महसूस करेगी तो वह बात करेगी। इसके बाद जब पुलिस ने महिला के शव की पहचान की और 1 अप्रैल को परिवार के सदस्यों को महिला के शव की पहचान करने के लिए बुलाया तो महिला के बड़े बेटे ने शव की पहचान की और बताया कि वह उसकी मां है। परिवार ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अनिल कुमार ने उनकी बेटी की हत्या गला घोंटकर की है। इस मामले में पुलिस ने व्यवसायी अनिल कुमार और उनके गार्ड शिवशंकर को गिरफ्तार कर लिया है।