दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर मंडी, गुप्ता मार्केट और आसपास के क्षेत्रों का ऑन ग्राउंड निरीक्षण किया। सीएम ने यहां DMRC और PWD द्वारा चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली। निरीक्षण के दौरान सीएम रेखा ने सभी संबंधित विभागों को स्थानीय नागरिकों के आवागमन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों पर गुस्सा भी जाहिर किया है।
अधिकारियों को आवश्यक निर्देश
सीएम रेखा गुप्ता की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर साफ-सफाई, कूड़ा उठान और बेहतर प्रबंधन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
'24×7 मिशन मोड में कार्य कर रही सरकार'
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्लीवासियों के लिए हम बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित कर रहे हैं। वर्षों से उपेक्षित क्षेत्रों में भी नए विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ है, और इन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए हमारी सरकार 24×7 मिशन मोड में कार्य कर रही है।
'लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी'
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक हैंडल पर ट्वीट कर के कहा- "जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई, देरी या लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। दिल्ली के नागरिकों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, सुगम आवागमन और भरोसेमंद व्यवस्थाएं देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी सरकार सभी विकास कार्यों का समय-समय पर ऑन ग्राउंड रिव्यू करती रहेगी, ताकि हर परियोजना तय समयसीमा, उच्च गुणवत्ता और पूर्ण जवाबदेही के साथ पूरी हो।"