1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दुर्गा अष्टमी पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन, बेटियों को बताया शक्ति का स्वरूप

दुर्गा अष्टमी पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन, बेटियों को बताया शक्ति का स्वरूप

 Published : Mar 26, 2026 02:53 pm IST,  Updated : Mar 26, 2026 02:53 pm IST

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुर्गा अष्टमी पर कन्या पूजन कर बेटियों को शक्ति का स्वरूप बताया। इस मौके पर उन्होंने मां दुर्गा से हर घर में सुख-समृद्धि की कामना की।

Rekha Gupta Durga Ashtami, Kanya Pujan Delhi CM, Durga Ashtami celebration India- India TV Hindi
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। उन्होंने बेटियों को मां दुर्गा की शक्ति का स्वरूप बताते हुए कहा कि बेटियां सौभाग्य, शक्ति और मां का पावन आशीर्वाद हैं। उन्होंने दुर्गा अष्टमी के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें यह अनुभव कराता है कि हर बेटी में आदिशक्ति का उज्ज्वल स्वरूप मौजूद है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बेटियों का स्नेह और सम्मान जीवन को पवित्रता और मंगल से भर देता है।

मां दुर्गा से की हर घर में सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मां दुर्गा से प्रार्थना भी की कि सभी पर उनकी कृपा बनी रहे। उन्होंने कामना की कि हर घर में सुख-समृद्धि आए और बेटियों का स्नेह जीवन को हमेशा आलोकित करता रहे। बता दें कि गुरुवार को ही मुख्यमंत्री ने छात्राओं को साइकिल भी वितरित की। अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, गुप्ता ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा, 'हमने देखा है कि कभी-कभी लड़कियों को घर से स्कूल जाने में दिक्कतें आती हैं। अब साइकिल की मदद से लड़कियां बिना किसी परेशानी के अपने घर और स्कूल आ जा सकेंगी।'

'आज 1100 बेटियों को साइकिल प्रदान की गईं'

रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल से बालिकाओं की शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने 'X' पर कहा कि मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा, 'इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिल प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा में उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।