1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में टूटा 17 साल का रिकॉर्ड, नवंबर में सबसे कम 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान

दिल्ली में टूटा 17 साल का रिकॉर्ड, नवंबर में सबसे कम 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 23, 2020 11:52 am IST,  Updated : Nov 23, 2020 11:52 am IST

दिल्ली में नवम्बर के महीने में पिछले साल 11.5 डिग्री सेल्सियस, 2018 में 10.5 डिग्री सेल्सियस और 2017 में 7.6 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। नवम्बर में अब तक का सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान 28 नवम्बर, 1938 को दर्ज किया गया था। 

People buy tea from a roadside vendor as temperatures drop in the city, in New Delhi.- India TV Hindi
People buy tea from a roadside vendor as temperatures drop in the city, in New Delhi. Image Source : PTI

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सर्द हवाओं के बीच न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 17 साल में नवंबर के महीने में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस महीने का सबसे कम तापमान था।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘ सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि नवम्बर महीने में 2003 से दर्ज किया गया, सबसे कम तापमान है। तब 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।’’ उन्होंने बताया क लोधी रोड मौसम केन्द्र में तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में आईएमडी तापमान के लगातार दो दिनों तक 10 डिग्री सेल्सियस से कम और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहने पर शीत लहर चलने की घोषणा कर देता है।

श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘ दिल्ली के कुछ छोटे इलाकों में ऐसी स्थिति अगर एक दिन भी रहती है तो शीत लहर चलने की घोषणा की जा सकती है।’’

दिल्ली में नवम्बर के महीने में पिछले साल 11.5 डिग्री सेल्सियस, 2018 में 10.5 डिग्री सेल्सियस और 2017 में 7.6 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। नवम्बर में अब तक का सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान 28 नवम्बर, 1938 को दर्ज किया गया था। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हालांकि आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि 16 नवम्बर के अलावा पूरे नवम्बर में न्यूनतम तापमान बादलों की गैरमौजूदगी के कारण सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर में तापमान पिछले 58 साल में सबसे कम रहा था। इस साल अक्टूबर में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस था। यह 1962 के बाद से सबसे कम तापमान था, जब तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।