1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-नोएडा समेत NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश, बढ़ सकती है ठंड

दिल्ली-नोएडा समेत NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश, बढ़ सकती है ठंड

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 27, 2025 10:29 am IST,  Updated : Feb 27, 2025 10:45 am IST

दिल्ली में आज हल्की बारिश हुई, जिसके बाद भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में बारिश- India TV Hindi
दिल्ली में बारिश Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली, नोएडा समेत एनसीआर में गुरुवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। कई जगहों पर बादल छाए हुए हैं और बूंदाबांदी हो रही है। इसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान गिरने से दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली में बुधवार को तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया था।

बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश के लिए लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। आकाश में बादल छाए रहेंगे। विभाग के अनुसार, दो मार्च तक दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 18 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

शुक्रवार के लिए आईएमडी ने दिल्ली में तेज हवा के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे दिल्ली में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

दिल्ली में बुधवार को तापमान ने बनाया था नया रिकॉर्ड

आईएमडी ने बताया कि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो औसत से छह डिग्री अधिक है। फरवरी 2025 में अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया, जो 27 फरवरी 2023 को दर्ज किए गए अधिकतम तापमान से अधिक है। पिछले साल इस महीने में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 'खराब' श्रेणी में

 केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही, जिसका वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 247 रहा। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।