दिल्ली में जारी छात्रों के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द रहेगी। यह आदेश सभी रैंक के अधिकारियों के लिए जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस की तरफ से जारी आदेश में लिखा है कि मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक कोई भी सामान्य छुट्टी जैसे- कैजुअल लीव, अर्न्ड लीव आदि नहीं दी जाएगी।
आपातकालीन मामलों में ही अधिकारी मंजूर करेंगे छुट्टी
जारी किए गए आदेश में लिखा है कि छुट्टियां केवल वास्तविक आपातकालीन मामलों में ही मंजूर की जाएंगी, जिनकी पुष्टि और मंजूरी सक्षम अधिकारी की तरफ से की गई हो। सभी DCSP से अनुरोध है कि वे इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने आदेश को दी मंजूरी
इसके अलावा, अगले आदेश तक दिल्ली के पुलिस कमिश्नर की मंजूरी के बिना कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी कोर्स में शामिल नहीं होंगे। इस आदेश को दिल्ली के पुलिस कमिश्नर की मंजूरी मिली हुई है।
उपद्रवियों की पहचान में जुटी दिल्ली पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस उपद्रवियों की पहचान में जुटी है और जिन्होंने भी पुलिस के साथ मारपीट की है, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जो छात्र हैं उनकी हर बात सुनने को तैयार लेकिन असामाजिक तत्व, जिन्होंने आंदोलन का फायदा उठाकर पुलिस के साथ मारपीट की है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक धरने की बात कह रही CJP
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ दिया है। सरकार ने वांगचुक की सभी मांगें मान ली हैं लेकिन CJP अभी भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी हुई है। उनका कहना है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, पीएम मोदी ने बीती रात एक वीडियो मैसेज जारी करके आश्वासन दिया कि उनकी सरकार पेपर लीक को लेकर कठोर कानून लाएगी।
अगले हफ्ते संसद में पेश किया जाएगा पेपर लीक वाला बिल
पेपर लीक से जुड़ा बिल पर आज मोदी कैबिनेट में रखा जा सकता है। PM मोदी ने स्टूडेंट्स को विश्वास दिलाया कि पेपर लीक के खिलाफ उनकी सरकार फुल प्रूफ कानून बनाने जा रही है। पीएम मोदी कह चुके हैं कि पेपर लीक से जुड़ा कानून अगले सप्ताह पार्लियामेंट में पेश किया जाएगा। इसे जल्द से जल्द पास कराने का प्रयास होगा।
ये भी पढ़ें- देश के छात्रों के लिए पीएम मोदी का बड़ा संदेश, पेपर लीक रोकने के लिए बिल लाएगी सरकार