नई दिल्लीः दिल्ली में हनुमान जयंती को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जहांगीरपुरी इलाके को संवेदनशील मानते हुए यहां बहु-स्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है ताकि समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस के अनुसार, हनुमान जयंती पर निकलने वाली शोभायात्रा को तय और अनुमति प्राप्त रूट से ही निकाला जाएगा। जुलूस की शुरुआत जहांगीरपुरी के दिल्ली जल बोर्ड डीडीए फ्लैट्स के सामने से होगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए आदर्श नगर के साईं मंदिर पर समाप्त होगी। पूरे मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।
जुलूस में अधिकतम 500 लोग हो सकेंगे शामिल
पुलिस ने साफ किया है कि जुलूस में अधिकतम 500 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है। जुलूस में किसी भी तरह के हथियार, लाठी या खतरनाक वस्तु ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा किसी भी तरह के भड़काऊ नारे, भाषण या माहौल खराब करने वाली गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। लाउडस्पीकर का इस्तेमाल भी केवल तय नियमों और निर्धारित समय के अनुसार ही किया जा सकेगा। आयोजकों को जुलूस के संचालन में पुलिस की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। कई जगह बैरिकेडिंग और पुलिस पिकेट्स लगाए जाएंगे, जबकि संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और एरिया डोमिनेशन किया जाएगा।
इन रास्तों से होकर जाएगी शोभा यात्रा
दिल्ली जल बोर्ड, DDA फ्लैट्स के सामने, जहांगीरपुरी, T-पॉइंट, PS महिंद्रा पार्क, DDA A-ब्लॉक डिवाइडिंग रोड, (MLA रोड) महिंद्रा पार्क, बृजवासी स्वीट्स, रसीला पेंट्स, मंगल बाज़ार चौक, अग्रवाल स्वीट्स (H-2 ब्लॉक), 1500 वाली गली (G & H ब्लॉक), धोबी घाट, शाह आलम बांध रोड (गोल चक्कर), साई मंदिर, आदर्श नगर।
जुलूस को निर्धारित समयावधि के भीतर ही उत्तर-पश्चिम जिला, दिल्ली पुलिस की कड़ी निगरानी में आयोजित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया जाता है कि वे निर्धारित मार्ग का कड़ाई से पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें।