1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में स्कूल खोलने को लेकर अरविंद केजरीवाल का बयान, कहा- कुछ दिन में देखते हैं

दिल्ली में स्कूल खोलने को लेकर अरविंद केजरीवाल का बयान, कहा- कुछ दिन में देखते हैं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 23, 2021 06:55 pm IST,  Updated : Jul 23, 2021 06:59 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वैक्सीन है ही नहीं, केंद्र सरकार को इसके बारे में सोचना पड़ेगा कि वैक्सीन की उपलब्धता कैसे बढ़ाई जाए।

दिल्ली में स्कूल खोलने को लेकर अरविंद केजरीवाल का बयान, कहा- कुछ दिन में देखते हैं- India TV Hindi
दिल्ली में स्कूल खोलने को लेकर अरविंद केजरीवाल का बयान, कहा- कुछ दिन में देखते हैं Image Source : PTI/REPRESENTATIONAL IMAGE

नई दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर के कमजोर पड़ते ही देश के कई राज्यों में स्कूल खोलने को लेकर गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी स्कूल खोलने को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को संकेत दिए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर निकट भविष्य में राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को फिर से खोलने की संभावना को लेकर बड़ी जानकारी दी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वैक्सीन है ही नहीं, केंद्र सरकार को इसके बारे में सोचना पड़ेगा कि वैक्सीन की उपलब्धता कैसे बढ़ाई जाए। स्कूलों को खोलने के लिए आदर्श स्थिति तो वैक्सीनेशन के बाद ही है। दूसरे राज्यों में स्कूल खोले जा रहे हैं, उनका अनुभव अच्छा रहा तो हम कुछ दिन में देखते हैं। 

कई राज्यों में स्कूल खोलने की प्रक्रिया शुरू

बता दें कि, राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को पिछले साल मार्च में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद बंद कर दिया गया था। बता दें कि, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों ने आंशिक रूप से स्कूलों को पुन: खोलना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश ने भी इस महीने के अंत में स्कूलों को पुन: खोलने की योजना बनाई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते बुधवार को प्रदेश में 11वीं व 12वीं कक्षा के लिए स्कूल 26 जुलाई से आधी क्षमता के साथ फिर से खोलने और इसके बाद धीरे-धीरे अन्य कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। 

हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो अगस्त से 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को खोलने की अनुमति दे दी है। प्रवक्ता के मुताबिक पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थी भी अपनी समस्याएं लेकर स्कूल जा सकते हैं। कैबिनेट ने 26 जुलाई से कोचिंग संस्थानों को भी खोलने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। कोचिंग संस्थानों को अनिवार्य रूप से कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। 

आंध्र प्रदेश में अकादमिक सत्र 2021-22 के लिए कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू होंगी। राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह घोषणा की। मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में स्कूलों को पुन: खोलने का निर्णय लिया गया। कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के कारण स्कूलों को खोलने में देरी हुई है।

दिल्ली में आए कोरोना के 58 नए मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में शुक्रवार को 58 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं जबकि संक्रमण से 1 और मरीजों की मौत हुई है। वहीं, संक्रमण दर 0.09 फीसदी दर्ज की गई और मृत्यु दर 1.74 प्रतिशत दर्ज की गई है। ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 69 मरीज इस संक्रमण से मुक्त हुए हैं। मरने वालों की संख्या 25041 पर पहुंच गई है जबकि संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 14,35,778 पर पहुंच गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।