नई दिल्लीः दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 29 मार्च को होने वाली हाफ मैराथन को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह कार्यक्रम सुबह पांच बजे मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुरू होगा और सुबह 10 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान कई सड़कें बंद रहेंगी जबकि कुछ जगहों पर डायवर्जन रहेगा।
दिल्ली के इन रास्तों पर जाने से बचें
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, हाफ मैराथन यह मार्ग सी-हेक्सागन, कर्तव्य पथ, जनपथ, अशोका रोड और मानसिंह रोड जैसे प्रमुख हिस्सों से होकर गुजरेगा और अंततः स्टेडियम पर समाप्त होगा। एडवाइजरी के अनुसार, इंडिया गेट, मानसिंह रोड, जनपथ, कर्तव्य पथ, अशोक रोड, अकबर रोड और मैराथन मार्ग पर किसी भी वाहन को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी गई है, जिनमें अकबर रोड, अशोका रोड, सी-हेक्सागन, शाहजहां रोड, डॉ.जाकिर हुसैन मार्ग, पुराना किला रोड, शेरशाह रोड और पंडारा रोड शामिल हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि इन सड़कों पर खड़े पाए जाने वाले वाहनों को हटा लिया जाएगा और उन्हें भैरों मंदिर के पास भैरों मार्ग स्थित निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित किया जाएगा।
शुक्रवार को भी इन रास्तों पर रही पाबंदी
इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी। एडवाइजरी के अनुसार, स्टेडियम में 28 मार्च को होने वाले 'सतरंगी रे' संगीत कार्यक्रम के मद्देनजर मध्य और पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसमें कहा गया कि सोनू निगम का 'सतरंगी रे' संगीत कार्यक्रम शाम चार बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होगा। एडवाइजरी के अनुसार, आईपी मार्ग, विकास मार्ग, राजघाट और आईपी डिपो के बीच रिंग रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। इसी के साथ अपराह्न दो बजे से रात 10 बजे के बीच राजघाट से आईपी मार्ग की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।