नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को घर से बाहर निकलने से पहले मौसम विभाग के ताजा अपडेट के बारे में जरूर जान लें, नहीं तो आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में बुधवार को हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज़्यादा रहा।आईएमडी ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज की गई। मंगलवार को हल्की बारिश का पूर्वानुमान था लेकिन देर शाम तक बारिश की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, शाम में आसमान में बादल जरूर छाए रहे।
Related Stories
न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक करीब 38.1 डिग्री सेल्सियस बना रहा।
आईएमडी ने बुधवार को आसमान में आम तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। दिल्ली में पिछले चार महीनों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मगर अगस्त के महीने में सामान्य से 85 फीसदी कम बारिश हुई है। (इनपुट: भाषा)