नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है। धूल भरी आंधी और बादल से दिन में ही अंधेरा हो रहा है। बारिश और तेज हवा चलने की वजह से लाखों लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
40-50 किमी की रफ्तार से चल रही तेज हवाएं
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। नोएडा समेत पूरे एनसीआर में धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो रही है। कई जगहों पर बादल भी गरज-चमक रहे हैं। कभी बारिश हो सकती है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल रही हैं।
बारिश का येलो अलर्ट जारी
इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों के लिए आंधी-तूफान के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, शाम के समय हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। इसके साथ ही आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कने की संभावना है।
दिल्ली में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में आंधी और बारिश के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम/रात में गरज के साथ बारिश हो सकती है और 40-50 kmph की रफ्तार से तेज़ हवा चलेगी, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36°C से 38°C और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरने से गर्मी से राहत
खराब मौसम होने से शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 24.6°C दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के औसत से दो डिग्री और शुक्रवार के तापमान से 0.7 डिग्री कम था। आज हो रही बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में भी और गिरावट आने की उम्मीद है। शनिवार को 34°C से 36°C के बीच रहने का अनुमान है। तापमान गिरने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम में अचानक बदलाव क्यों आया?
उत्तर-पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून से पहले की आंधी-तूफ़ान की गतिविधियों के कारण भारी बारिश, आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कना, तेज़ हवाओं की जैसी स्थितियां बनीं। दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम और फ़रीदाबाद में आसमान में बादल छाए रहने, तेज़ हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की ख़बरें मिली हैं। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों तक बारिश, आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कना और तेज़ हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आंधी-तूफ़ान की गतिविधियों के दौरान हवा की रफ़्तार 50-70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।