1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्लीवाले गर्मी के लिए हो जाएं तैयार, कल हो सकता है मौसम में बदलाव; IMD अपडेट

दिल्लीवाले गर्मी के लिए हो जाएं तैयार, कल हो सकता है मौसम में बदलाव; IMD अपडेट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 27, 2024 08:37 am IST,  Updated : Mar 27, 2024 08:43 am IST

दिल्ली में कल एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसकी वजह से राजधानी और आस-पास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवा के साथ होने वाली इस बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट आएगी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को भी गर्मी का यह रुख बना रहेगा। आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार शाम से एक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली के मौसम पर देखने को मिल सकता है। इसके चलते दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवा के साथ होने वाली इस बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट आएगी।

दिल्ली में मौसम का हाल

वहीं, राजधानी में मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तक इसमें बढ़ोत्तरी का यह क्रम बना रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के चलते बूंदाबांदी से बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस साल और इस सीजन में अब तक का अधिकतम तापमान है। इससे पहले 24 मार्च को यह 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पीतमपुरा, नजफगढ़, आयानगर और रिज में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा। राजधानी में अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान है। हवा में नमी का स्तर 90 से 26 फीसदी तक रहा।

दिल्ली की आबोहवा?

इस बार होली पर दिल्ली का अधिकतम तापमान पिछले साल की तुलना में करीब दो डिग्री अधिक रहा। बता दें कि सोमवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री रहा था, जबकि पिछले साल होली पर 8 मार्च को 31.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। 2022 में 18 मार्च को यह 36.1 डिग्री और 2021 में 29 मार्च को 37.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। वहीं, दिल्ली की आबोहवा फिलहाल साफ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 120 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।