1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंची, देखिए- कहां कितना रहा AQI

दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंची, देखिए- कहां कितना रहा AQI

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 05, 2020 02:50 pm IST,  Updated : Dec 05, 2020 02:50 pm IST

दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई और यहां हवा की गति धीमी होने की वजह से ‘स्थानीय जनित प्रदूषक तत्वों’ का जमाव हो रहा है।

Delhi Air Pollution- India TV Hindi
दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई और यहां हवा की गति धीमी होने की वजह से ‘स्थानीय जनित प्रदूषक तत्वों’ का जमाव हो रहा है। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तक वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है क्योंकि हवा की गति तेज हो सकती है। शनिवार की सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 401 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। शुक्रवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 382 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को औसत सूचकांक 341 था। बुधवार को यह आंकड़ा 373, मंगलवार को 367, सोमवार को 318 और रविवार को 268 था।

पड़ोसी शहरों गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक 446, ग्रेटर नोएडा में 401, नोएडा में 406 में दर्ज किया गया जो कि ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

आईएमडी के पर्यावरण अनुसंधान केंद्र के प्रमुख वी के सोनी ने कहा कि हवा की गति धीमी है जो स्थानीय जनित प्रदूषक तत्वों के जमने में मददगार है। उन्होंने कहा, ‘‘ पूर्वा हवाओं में नमी है जिससे प्रदूषक तत्वों का दूसरा स्तर भी बन रहा है। इन सभी कारकों की वजह से वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई।’’ हालांकि सोनी ने कहा कि हवा के रफ्तार पकड़ने की वजह से सोमवार तक वायु गुणवत्ता में सुधार होकर यह गंभीर से ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हालांकि हवा की दिशा सोमवार तक उत्तर पश्चिम होने की वजह से न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज हो सकती है। पश्चिम और उत्तरपश्चिमी हवाएं बर्फीले हिमालय से मैदानी इलाकों में बहती है। आईएमडी ने बताया कि अगले दो दिनों में आंशिक से मध्यम कोहरा भी छाए रहने की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।