1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्लीः कालकाजी के भूमिहीन कैंप इलाके में 1200 झुग्गियों पर बुलडोजर एक्शन, अवैध निर्माण गिराया गया

दिल्लीः कालकाजी के भूमिहीन कैंप इलाके में 1200 झुग्गियों पर बुलडोजर एक्शन, अवैध निर्माण गिराया गया

 Reported By: Shoaib Raza, Written By: Mangal Yadav
 Published : Jun 11, 2025 10:19 am IST,  Updated : Jun 11, 2025 01:07 pm IST

दिल्ली में कालकाजी के पास भूमिहीन कैंप इलाके में DDA के द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

अवैध निर्माण पर...- India TV Hindi
अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली के कालकाजी के भूमिहीन कैंप इलाके में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अवैध बिल्डिंग को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की तरफ से तोड़ा जा रहा है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे पहले, डीडीए ने भूमिहीन कैंप के सभी निवासियों को एक आधिकारिक नोटिस जारी किया था, जिसमें हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद अवैध झोपड़ियों के ध्वस्तीकरण के मद्देनजर उन्हें अपने परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया था।

सुबह 5 बजे हटाया जा रहा है अतिक्रमण

जानकारी के अनुसार, सुबह पांच बजे से अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। ये अवैध निर्माण डीडीए की जमीन पर हुआ था। बताया जा रहा है कि भूमिहीन कैंप इलाके में जेजे कलस्टर में दो-तीन मंजिला तक घर बनाए बनाए गए थे। आज करीब 300 अवैध निर्माणा को गिराया गया। जबकि बाकी पर कल भी बुलडोजर एक्शन जारी रहेगा। 

10 साल तक कोर्ट में चला केस

स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध निर्माण गिराने का मामला 10 साल तक कोर्ट में चला। हाई कोर्ट से झुग्गीवासियों को कोई राहत नहीं मिली। कोर्ट के आदेश के बाद ही ये अवैध निर्माण गिराए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां पर रहने वाले लोगों को पुनर्वास के लिए फ्लैट्स भी दिए गए थे। 

अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन
Image Source : PTIअवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन

9 जून को डीडीए ने दिया था नोटिस

यह तोड़फोड़ डीडीए द्वारा चलाए जा रहे व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान का हिस्सा है। 9 जून को निवासियों को इलाका खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। करीब 1,200 अवैध झोपड़ियों को गिराने के लिए पांच बुलडोजर बुलाई गईं।

आतिशी ने रेखा गुप्ता पर साधा निशाना

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP नेता आतिशी ने भूमिहीन कैंप इलाके में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ DDA की कार्रवाई पर कहा कि तीन दिन पहले सीएम रेखा गुप्ता ने कहा था कि किसी भी झुग्गी को तोड़ा नहीं जाएगा। लेकिन आज पूरे भूमिहीन कैंप को खाली कर दिया गया है। भूमिहीन कैंप के निवासी यहां 20-40 साल से रह रहे हैं। चुनाव के समय बीजेपी के लोग कहते हैं कि जहां झुग्गी वहां मकान देंगे और चुनाव जीतने के बाद बुलडोजर चलाते हैं। 

 

बाटला हाउस में भी चलेगा बुलडोजर

वहीं, ओखला के बाटला हाउस इलाके में अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चलेगा। यहां पर लोग अपना घर खाली करने लगे हैं। डीडीए ने 26 मई को नोटिस देकर 5 दिन के अंदर मकान खाली करने का आदेश दिया था। जानकारी के अनुसार, मुरादी रोड और खिजर बाबा कॉलोनी के मकानों पर लाल निशान लगाया गया है जिसे गिराया जाना है। खिजर बाबा कॉलोनी में स्टे लग गया है फिलहाल कुछ दिन यहां पर बुलडोजर नहीं चलेगा। मामले की सुनवाई हाई कोर्ट में आज होनी है। 

रिपोर्ट- अनामिका गौड़

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।