नॉर्थ दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां 22 साल की युवती और उसकी सहेली की नवजात बेटी की घर में लाश मिली हैं। दोनों की घर में ही हत्या करने के इस मामले ने यहां के लोगों को सन्न कर दिया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस युवती की हत्या हुई है, उसका दोस्त फरार बताया जा रहा है। युवती के दोस्त पर ही हत्या का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम मौके पर मौजूद है।
पुलिस ने बताया कि सोनल नाम की एक युवती और एक नवजात (उसकी सहेली की बेटी) की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, सोनल एक शख्स के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी और दोनों के बीच विवाद चल रहा था। उससे दूर रहने के लिए सोनल अपनी सहेली के घर चली गई। जब उसकी सहेली बाहर गई हुई थी, तो एक शख्स ने घर पर आकर दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नजफगढ़ में प्रेमी जोड़ा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया
वहीं, दिल्ली के नजफगढ़ से भी ऐसा ही एक और मामला सामने आया है जहां एक किशोरी और एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि दोनों द्वारका में नजफगढ़ के नागली इलाके में किशोरी के घर पर रविवार शाम को मृत पाए गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों का लव अफेयर था जिसके कारण उनके परिवारों के बीच पहले विवाद भी हुआ था। सूत्रों ने बताया कि मामला कथित तौर पर कानूनी कार्यवाही तक पहुंच गया था, लेकिन बाद में आपसी समझौते से इसे सुलझा लिया गया।
साजिश के तहत लड़के को बुलाया घर?
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "शव किशोरी के घर के एक कमरे में मिले और शवों पर कोई बाहरी चोट नहीं देखी गई। कमरा अंदर से बंद था और पुलिस इस मामले को फिलहाल संदिग्ध आत्महत्या मान रही है।" अधिकारी ने कहा, "शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।" हालांकि, किशोर के परिवार ने आरोप लगाया है कि किशोरी के परिजनों ने ही दोनों की हत्या की है। किशोर के परिवार का आरोप है कि किशोर को साजिश के तहत किशोरी के घर बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी गई। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि सुलह करते समय किशोरी के एक रिश्तेदार ने किशोर को जान से मारने की धमकी दी थी। अधिकारी ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है।"
यह भी पढ़ें-
Ex बॉयफ्रेंड ने भेजा अश्लील मैसेज, लड़की ने अगवा करा के नंगा करवा के पिटवाया और Video बनवाया
दर्जनों लापता कैब ड्राइवर्स की हत्या का खुलेगा राज? दिल्ली से सीरियल किलर गिरफ्तार