देश की राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही की दबंगई सामने आई है। दिल्ली पुलिस का सिपाही रोनित यादव ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड के साथ बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की। आरोपी सिपाही शराब के नशे में युवती के घर पहुंचा। घर में घुसने का विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने युवती की नाबालिग बहन और उसकी मां को जान से मारने की धमकी भी दी।
थार से सोसाइटी के गेट पर मारी टक्कर
इसके बाद भागते समय आरोपी ने अपनी थार गाड़ी से सोसाइटी के गेट पर टक्कर मार दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सीसीटीवी फुजेट में देखा जा सकता है कि आरोपी बीच सड़क पर युवती का बाल खींचकर घसीट रहा है। शिकायत के बाद गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी सिपाही रोनित यादव को गिरफ्तार किया है। वहीं, गुरुग्राम कोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका भी खारिज कर दी।
क्राइम ब्रांच के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
दूसरी चौंकाने वाली घटना सेक्टर-10 से सामने आई है। सेक्टर-10 क्राइम ब्रांच ऑफिस के पास एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की। यह पूरा विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर था। अर्जुन साहू नाम का शख्स अपने करीब 12 से ज्यादा साथियों के साथ आशीष नामक युवक के ऑफिस पर धावा बोलने पहुंचा था। ऑफिस पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। इसके बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड और डंडों से गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तोड़फोड़ के बाद बदमाशों ने खुलेआम हथियार निकाल लिए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक युवक को लगी गोली
इस अंधाधुंध फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है। क्राइम ब्रांच के ठीक बाहर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गुरुग्राम पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन साहू समेत कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)
ये भी पढ़ें-