1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. राजधानी में शख्स की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर किया प्रदर्शन; लगा लंबा जाम

राजधानी में शख्स की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर किया प्रदर्शन; लगा लंबा जाम

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 10, 2025 11:24 am IST,  Updated : Mar 10, 2025 11:38 am IST

देश की राजधानी दिल्ली में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद परिजनों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया।

दिल्ली-मेरठ हाईवे पर लगा लंबा जाम।- India TV Hindi
दिल्ली-मेरठ हाईवे पर लगा लंबा जाम। Image Source : ANI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अक्षरधाम-गाजियाबाद रोड पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मृतक के परिजनों ने आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्का जाम भी किया। इस वजह से दिल्ली-मेरठ हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जाम की वजह से दफ्तर जा रहे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और जाम को खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।

गोली मारकर की हत्या

दरअसल, पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर फूल मंडी के पास 32 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गाजीपुर गांव का निवासी रोहित गोली लगने से घायल हो गया था। उसे एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह घटना फूल मंडी के पास एक व्यस्त इलाके में घटी। इसी मामले में ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल डीसीपी-1 विनीत कुमार ने बताया, "हमें सूचना मिली कि एक व्यक्ति घायल है। जब हम अस्पताल गए तो पता चला कि उसे गोली लगी है। शुरुआती जांच में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है और कई टीमें इस पर काम कर रही हैं।"

परिजनों ने लगाया जाम

बताया जा रहा है कि रोहित गाजीपुर लैंडफिल साइट पर ट्रांसपोर्ट का काम देखता था। देर रात वह घर लौट रहा था तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने मर्डर की वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद से नाराज लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर चल रहे प्रदर्शन की वजह से दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर जाम लग गया है। इसमें कई किलोमीटर तक गाड़ियां फंसी हुई हैं। गाड़ियां सड़क पर रेंग रही हैं और हजारों लोग लोग ट्रैफिक में फंसे हुए हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस का कहना है के 5 आरोपियों में से 2 गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अन्य की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में पैसों के लेन-देन की बात सामने आई है। (इनपुट- ईला काजमी)

यह भी पढ़ें- 

एमपी में दिल दहला देने वाला हादसा, ट्रक और एसयूवी की टक्कर में 7 की मौत; 14 घायल

बिहार में फिर RJD के साथ आएंगे नीतीश? तेजस्वी यादव ने दिया जवाब, जानें क्या बोले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।