1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: मोतीनगर के बैंक्वेट हॉल में लगी भीषण आग, आसमान में दिखा धुएं का गुबार

दिल्ली: मोतीनगर के बैंक्वेट हॉल में लगी भीषण आग, आसमान में दिखा धुएं का गुबार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 23, 2025 11:08 pm IST,  Updated : Jun 23, 2025 11:08 pm IST

दिल्ली के मोतीनगर इलाके में एक बैंक्वेट हॉल में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 24 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। वहीं आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

बैंक्वेट हॉल में लगी आग।- India TV Hindi
बैंक्वेट हॉल में लगी आग। Image Source : ANI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के डीएलएफ मोती नगर इलाके के भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। यहां एक बैंक्वेट हॉल में सोमवार शाम को भीषण आग लग गई। वहीं आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) की टीम पहुंची। मौके पर दमकल विभाग की कम से कम 24 गाड़ियों को भेजा गया है। फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। डीएफएस ने कहा कि आग पर काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद आगे की जांच की जाएगी।

दमकल की 24 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी

घटना की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया, "हमें डीएलएफ मोती नगर के सामने स्थित गोल्डन बैंक्वेट हॉल में रात 8.47 बजे आग लगने की सूचना मिली। कुल 24 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है।" अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। डीएफएस अधिकारी ने आगे बताया कि अग्निशमन विभाग को रात करीब 8.47 बजे सूचना मिली। शुरुआत में 18 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। बाद में छह और गाड़ियां भेजी गईं। राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। 

सामने आया आग लगने का वीडियो

वहीं आग लगने की इस घटना के बाद घटनास्थल से कई वीडियो भी सामने आई हैं। वीडियो में रात के समय आसमान में धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है। आग ने बैंक्वेट हॉल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। अभी भी आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। वहीं एहतियात के तौर पर मौके पर एंबुलेंस और पुलिस की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं। अधिकारियों ने दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रखने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। इसके अलावा आस-पास की सड़क पर यातायात की आवाजाही को डायवर्ट कर दिया गया है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।