1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. जेद्दा से आई फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, केबिन क्रू समेत 404 यात्री थे सवार

जेद्दा से आई फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, केबिन क्रू समेत 404 यात्री थे सवार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 21, 2025 07:34 pm IST,  Updated : Apr 21, 2025 07:52 pm IST

दिल्ली एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में केबिन क्रू समेत 404 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर सोमवार शाम एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। शाम करीब 5:15 बजे दिल्ली फायर विभाग को इस इमरजेंसी की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत मौके पर चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। यह फ्लाइट SV758 थी, जो सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली आ रही थी। इसमें कुल 404 यात्री और केबिन क्रू सवार थे। फायर विभाग के अनुसार, फ्लाइट ने शाम 5:20 बजे सुरक्षित लैंडिंग कर ली और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

वहीं, एक अन्य खबर में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अपने एक रनवे पर अपग्रेडेशन कार्य को रोक दिया है। दिल्ली एयरपोर्ट ने रविवार यानी 20 अप्रैल को अपने एक रनवे पर अपग्रेडेशन कार्य के चलते विमान परिचालन को रोक दिया था, जिससे एयर ट्रैफिक में भारी जाम और उड़ानों में देरी का सामना करना पड़ा। इस अचानक रुकावट के कारण करीब 900 फ्लाइट्स प्रभावित हुईं और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इसके बाद अपग्रेडेशन कार्य को रोकने का फैसला लिया गया।

फिर से खुलेगा रनवे 10/28

मई के पहले सप्ताह में रनवे 10/28 को अस्थायी रूप से फिर से खोला जा रहा है। रनवे 10/28 वर्तमान में Instrument Landing System (ILS) अपग्रेडेशन प्रक्रिया से गुजर रहा है, को सर्दी के मौसम में घने कोहरे के दौरान कम दृश्यता वाली स्थिति में बेहतर संचालन के लिए बंद किया गया था। हालांकि, इस रनवे के बंद होने के बाद एयरपोर्ट की क्षमता में भारी कमी आई और केवल 31-32 उड़ानों का आगमन प्रति घंटे हो पा रहा था, जबकि सामान्य रूप से यह संख्या 45 उड़ानों तक होती थी, जिससे हवाई यात्रा में बड़ी देरी और समस्याएं उत्पन्न हो गईं।

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने एक बयान जारी कर कहा कि रनवे 10/28 पर ILS उन्नयन कार्य अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं और यह रनवे मई के पहले सप्ताह में फिर से खोल दिया जाएगा। बाकी अपग्रेडेशन कार्यों को एक महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है। DIAL के सीईओ, विद्ये कुमार जयपुरिया ने पुष्टि की कि रनवे अपग्रेडेशन के सभी कार्य सितंबर तक पूरे हो जाएंगे, जो कि सर्दी के मौसम से पहले होगा।

(इला काजमी की रिपोर्ट के साथ)

ये भी पढ़ें-

"मैंने राक्षस को मार दिया", कर्नाटक के पूर्व DGP की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

दिल्ली एयरपोर्ट पर जब एक दिन में 900 फ्लाइट्स हुई लेट, तो रोकना पड़ गया अपग्रेडेशन कार्य

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।