1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सोशल मीडिया पर फेमस होने का चक्कर पड़ा महंगा, द्वारका एक्सप्रेसवे पर लेम्बोर्गिनी से स्टंट करने वाले को पुलिस ने दबोचा

सोशल मीडिया पर फेमस होने का चक्कर पड़ा महंगा, द्वारका एक्सप्रेसवे पर लेम्बोर्गिनी से स्टंट करने वाले को पुलिस ने दबोचा

 Published : Jul 30, 2026 07:19 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 07:53 pm IST

द्वारका एक्सप्रेसवे पर लेम्बोर्गिनी से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कार जब्त कर ली। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Lamborghini Stunt case- India TV Hindi
लेम्बोर्गिनी से स्टंट करने वाला अरेस्ट Image Source : REPORTER INPUT

सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी के तहत द्वारका एक्सप्रेसवे पर लेम्बोर्गिनी कार से स्टंट करने वाले 24 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राजेंद्र पार्क थाना पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को दबोचा। स्टंट में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई की गई।  

स्टंट में इस्तेमाल लेम्बोर्गिनी कार जब्त

दरअसल हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो एक युवक द्वारका एक्सप्रेसवे पर लेम्बोर्गिनी कार से खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए राजेंद्र पार्क थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय प्रणव मंचंदा के रूप में हुई है, जो सेक्टर 54 का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल की गई लेम्बोर्गिनी कार भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

सड़क पर स्टंटबाजी जानलेवा: गुरुग्राम पुलिस

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना कानून का उल्लंघन है। इससे न केवल स्टंट करने वाले की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित होती है। यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर में रील बनाने के चक्कर में स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है।

नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस ने अभिभावकों से युवाओं को खतरनाक स्टंट से दूर रखने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि ऐसे मामलों पर साइबर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। 

(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)

ये भी पढ़ेंः 

दिल्ली में केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी का हल्लाबोल, पंजाब पेपर लीक पर बड़ा प्रदर्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।