प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने मयूर विहार स्थित श्री सनातन धर्म सभा भगवत धाम वृद्धाश्रम में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के निवासियों के साथ सामूहिक भोजन किया गया और उन्हें वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सेवा और करुणा का संदेश देना रहा। इस दौरान कौसर जहां ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत हम ये कार्यक्रम कर रहे हैं। इसके बाद भी सेवा के और कार्यक्रम होंगे।
बुजुर्गो की सेवा कर मनाया जन्मदिन
इस अवसर पर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने कहा कि प्रधानमंत्री जी बुजुर्गों का बहुत आदर करते हैं, उन्होंने ही हमें यह रास्ता दिखाया है। मैं प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई देना चाहती हूं। मेरी दुआ है कि वह सलामत रहें। आप देख रहे होंगे कि विकसित भारत के लिए पीएम मोदी किस तरह से दिन रात मेहनत कर रहे हैं। उनका लक्ष्य ही यही रहता है कि मैं और बेहतर क्या कर सकता हूं। प्रधानमंत्री जी का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है और इसी प्रेरणा से यह आयोजन किया गया। बुजुर्गों ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
वृद्धाश्रम की महिलाओं ने दिया आशीर्वाद
वहीं वृद्धाश्रम की महिलाओं ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी को मेरी तरफ से मुबारकबाद, उनकी सेहत अच्छी रहे। लेकिन उनकी मां के लिए जो कहा गया वो ठीक नहीं है। वो एक मां के लिए नहीं बोला गया बल्कि कई मांओं के लिए बोला गया। आप नेता हैं तो नेता की तरह बात कीजिए, जो मर गया उनकी फैमिली में उनके बारे में क्या बात करनी। विपक्ष ने एक ही बात नहीं बल्कि कई पॉइंट बना लिए हैं कि हमें तो मोदी जी को बोलना ही बोलना है। पीएम की एक गरिमा होती है उसकी मर्यादा तो रखनी चाहिए।'