दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग ने जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शाहदरा के खुरेजी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान 104 प्रकार की दवाओं के साथ-साथ 23 एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की गईं। यह कार्रवाई 20 अप्रैल को औषधि निरीक्षकों की एक विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई।
बिना अनुमति के चल रही थी दुकान
सहायक औषधि नियंत्रक (पूर्व) की देखरेख में औषधि निरीक्षकों की एक टीम ने छापेमारी की और पाया कि यह दुकान बिना अनुमति के चल रही थी। इस अभियान के तहत, एक नकली ग्राहक को भेजा गया, जिसने बिना चिकित्सकीय पर्चे और बिना कैश मेमो के कई दवाइयां खरीदकर अवैध बिक्री की पुष्टि की।
अवैध रूप से दवाएं बेचने की बात मानी
निरीक्षण के दौरान, परिसर में मौजूद एक व्यक्ति ने अवैध रूप से दवाएं बेचने की बात स्वीकार की और दवाओं की बिक्री, भंडारण या वितरण के लिए कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने में विफल रहा। अधिकारियों ने कहा कि दुकान के पास पहले एक वैध औषधि लाइसेंस था, जिसे सितंबर 2024 में रद्द कर दिया गया था, लेकिन कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए इसने संचालन जारी रखा।
चुनिंदा दवाओं के नमूने गुणवत्ता विश्लेषण के लिए एकत्र किए गए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार जन स्वास्थ्य की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि दवाओं की बिक्री कानून के अनुसार ही हो और इसका उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
ट्रेन पर चढ़ते समय यात्री को आया हार्ट अटैक, गाड़ी चली तो गिरकर पटरी पर चला गया; घटना CCTV में कैद
गलत सिग्नल की वजह से एक ही ट्रैक पर आईं दो ट्रेनें, मची अफरा-तफरी; घटना के बाद स्टेशन मास्टर सस्पेंड