नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में आज भी मौसम खराब रहेगा। मंगलवार को हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान आकाश में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33°C से 35°C और 17°C से 19°C के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को कल की तरह बारिश की संभावना बहुत कम है, हालांकि कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, गुरुवार को भी आकाश में बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C से 37°C और 19°C से 21°C के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक (1.5 से 3.0°C) रहेगा और अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट
दिल्ली, नोएडा और उसके आस-पास के इलाकों में शुक्रवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमा 20°C से 22°C के बीच रहने की संभावना है। शाम और रात के समय तेज हवाएं चलेंगी।
बता दें कि मंगलवार, 31 मार्च को दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में बारिश हुई, साथ ही आंधी और बिजली भी चमकी। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले दिन में, मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया था, जिसमें शहर के कई हिस्सों में बिजली चमकने और आंधी आने की संभावना जताई गई थी।
दिल्ली-NCR में बारिश क्यों हो रही है?
दिल्ली समेत उत्तरी भारत के कई राज्यों में 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) के कारण बारिश हो रही है। जहां उत्तरी भारत के कुछ राज्यों में बारिश हुई, वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हुई। विशेषज्ञों ने इन स्थितियों का कारण 'पश्चिमी विक्षोभ' और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने एक संबंधित 'चक्रवाती परिसंचरण' (Cyclonic Circulation) को बताया है, जिसके चलते दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।