1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में हुए शामिल, अब दिल्ली सरकार में बने मंत्री; जानिए कौन हैं कपिल मिश्रा

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में हुए शामिल, अब दिल्ली सरकार में बने मंत्री; जानिए कौन हैं कपिल मिश्रा

 Published : Feb 20, 2025 08:46 am IST,  Updated : Feb 20, 2025 12:50 pm IST

कपिल मिश्रा साल 2015 में पहली बार दिल्ली के करावल नगर विधानसभा से विधायक चुने गए थे। उन्होंने अपने सियासी सफर की शुरुआत आम आदमी पार्टी के साथ की थी। चलिए आपको कपिल मिश्रा के बारे में बताते हैं।

कपिल मिश्रा- India TV Hindi
कपिल मिश्रा Image Source : INDIA TV

Kapil Mishra Profile: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई है। इस दौरान कपिल मिश्रा ने भी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। चलिए आपको बताते हैं कि कपिल मिश्रा कौन हैं।

दिल्ली भाजपा का बड़ा चेहरा हैं कपिल

कपिल मिश्रा दिल्ली भाजपा का एक बड़ा चेहरा हैं। कपिल का उनका जन्म 13 नवंबर 1980 को दिल्ली में हुआ था। उनकी माता, अन्नपूर्णा मिश्रा, पूर्वी दिल्ली की मेयर रह चुकी हैं और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी रही हैं। कपिल मिश्रा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के अंबेडकर कॉलेज से बीए और फिर सोशल वर्क में एमए की पढ़ाई की है। कपिल पढ़ाई के समय से ही सामाजिक आंदोलनों से जुड़ गए थे। कपिल दिल्ली में काम करने वाले 'यूथ ऑफ जस्टिस' संगठन के को-फाउंडर भी रहे हैं।

किताब भी लिख चुके हैं कपिल 

कपिल ने कई सामाजिक समस्याओं को लेकर तमाम विरोध प्रदर्शन भी किए हैं। कॉमनवेल्थ खेलों में डेवलपमेंट के नाम पर हुई धांधलियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले शुरुआती लोगों में भी कपिल मिश्रा का नाम शामिल है। कपिल ने इस मुद्दे पर 'इट्ज कॉमन वर्सेज वेल्थ' नाम की एक किताब भी लिखी है। कपिल ने जेसिका लाल मर्डर केस, किसानों की आत्महत्या और यमुना में अतिक्रमण को लेकर कई बार प्रोटेस्ट भी किया था।

AAP के साथ शुरू किया राजनीतिक सफर

अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत में कपिल मिश्रा आम आदमी पार्टी के सदस्य थे और 2015 में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उन्होंने दिल्ली सरकार में जल संसाधन मंत्री के रूप में भी कार्य किया है। हालांकि, बाद में उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। 

भाजपा में शामिल हुए कपिल

2019 में कपिल मिश्रा ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर अपने राजनीतिक सफर को नई दिशा दी। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने पार्टी के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। 2023 में उन्हें दिल्ली भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 

सोशल मीडिया में रहती है कपिल की सक्रियता

कपिल मिश्रा अपने स्पष्ट बयानों और सोशल मीडिया पर सक्रियता के लिए भी जाने जाते हैं। वह नियमित रूप से विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपने विचार साझा करते हैं। हाल ही में दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान कपिल मिश्रा के एक ट्वीट को लेकर विवाद हो गया था। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा।

यह भी पढ़ें:

'पूरी क्षमता, ताकत और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारी निभाऊंगी', शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता का बयान

रेखा गुप्ता के दिल्ली की CM बनने पर हरियाणा में जश्न क्यों? जानें यहां से क्या है उनका कनेक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।