1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सोमनाथ भारती समेत AAP के कई नेता हिरासत में, शहीदी पार्क में खत्म करवाया गया धरना

सोमनाथ भारती समेत AAP के कई नेता हिरासत में, शहीदी पार्क में खत्म करवाया गया धरना

 Published : Mar 23, 2024 01:44 pm IST,  Updated : Mar 23, 2024 01:50 pm IST

शहीदी पार्क में AAP के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने विधायक सोमनाथ भारती के साथ-साथ पंजाब के कई मंत्रियों को हिरासत में लिया और धरने को समाप्त करवा दिया।

Shahidi Park, Shahidi Park Protest, Arvind Kejriwal News- India TV Hindi
AAP के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीदी पार्क में धरना दिया। Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से सियासी पारा हाई हो गया है। INDI अलायंस जहां मोदी सरकार पर लगातार हमलावर है, वहीं बीजेपी इसे भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार बता रही है। आम आदमी पार्टी अपने नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। बता दें कि शहीदी पार्क में AAP के प्रदर्शन के दौरान सोमनाथ भारती और पंजाब के कई मंत्रियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। नेताओं के अलावा पार्टी के कई कई कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने AAP का धरना समाप्त करवा दिया है क्योंकि कहा जा रहा है कि धरने के बाद एक मार्च निकालने की भी प्लानिंग हो रही थी।

बीजेपी ने लिया भ्रष्टाचार से लड़ने का संकल्प

BJP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत अन्य पार्टी नेताओं ने शनिवार को राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया। बीजेपी का यह कदम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद आया है। राजघाट पर BJP नेताओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाया। उन्होंने संकल्प लिया, ‘हम बीजेपी कार्यकर्ता यह शपथ लेते हैं कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा सबसे पहले आवाज उठाएंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ ही काम करेंगे।’ केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पक्ष में, और विरोध में तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने जेल से दिया संदेश

आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता ने शनिवार को पहली बार एक संदेश पढ़ा जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी जिंदगी का प्रत्येक क्षण देश की सेवा के लिए समर्पित रहा है। ED की हिरासत से दिए एक संदेश में दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी जेल उन्हें अंदर नहीं रख सकती है और वह जल्द ही लौटेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि वह कोई भी वादा पूरा करने में असफल रहे हों। उन्होंने महिलाओं को उस योजना के क्रियान्वयन का भी आश्वासन दिया जिसके तहत योग्य लाभार्थियों को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाएंगे।

28 मार्च तक ED की हिरासत में हैं केजरीवाल

केजरीवाल अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के संबंध में ED द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद 28 मार्च तक एजेंसी की हिरासत में हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘अंदर रहूं या बाहर रहूं, मेरी जिंदगी का हर क्षण देश की सेवा को समर्पित है। मेरे खून का एक-एक कतरा देश को समर्पित है।’ उन्होंने कहा कि उनका जन्म संघर्षों के लिए हुआ है और वह भविष्य में भी बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार हैं। केजरीवाल ने यह भी कहा कि भारत को दुनिया का सबसे मजबूत और महान देश बनाना है। केजरीवाल ने महिलाओं से मंदिरों में जाने और उनके लिए आशीर्वाद मांगने की भी अपील की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।