1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Monkeypox Cases in Delhi: दिल्ली में मंकीपॉक्स का दूसरा मरीज, नाइजीरियाई युवक हुआ संक्रमित

Monkeypox Cases in Delhi: दिल्ली में मंकीपॉक्स का दूसरा मरीज, नाइजीरियाई युवक हुआ संक्रमित

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Aug 01, 2022 11:04 pm IST,  Updated : Aug 01, 2022 11:04 pm IST

Monkeypox Cases in Delhi: मंकीपॉक्स से संक्रमित मिले नाइजीरियाई व्यक्ति को सरकारी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण के इलाज के लिए नोडल अस्पताल है।

Monkeypox Cases in Delhi- India TV Hindi
Monkeypox Cases in Delhi Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • 35 वर्षीय नाइजीरियाई व्यक्ति में हुई संक्रमण की पुष्टि
  • हाल में विदेश यात्रा करने का कोई रिकॉर्ड नहीं है
  • व्यक्ति को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया

Monkeypox Cases in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सोमवार को मंकीपॉक्स (Monkeypox) का दूसरा मामला सामने आया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 35 वर्षीय एक नाइजीरियाई व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि, उसके हाल-फिलहाल में विदेश यात्रा करने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। 

इसी के साथ भारत में मंकीपॉक्स से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, मंकीपॉक्स से संक्रमित मिले नाइजीरियाई व्यक्ति को सरकारी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण के इलाज के लिए नोडल अस्पताल है। सूत्रों के मुताबिक, नाइजीरियाई व्यक्ति पिछले पांच दिनों से बुखार से जूझ रहा है और उसके शरीर पर दाने भी हैं। 

 'विदेश या देश में यात्रा करने का कोई रिकॉर्ड नहीं'

उन्होंने बताया कि संक्रमित के हाल-फिलहाल में विदेश या देश में यात्रा करने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। सूत्रों के अनुसार, नाइजीरियाई व्यक्ति के नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे गए थे और सोमवार शाम आई जांच रिपोर्ट से उसमें संक्रमण की पुष्टि हो गई। उन्होंने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में अफ्रीकी मूल के दो और संदिग्ध मरीजों को भी भर्ती कराया गया है।

राजस्थान में मंकीपॉक्स का पहला संदिग्ध मरीज मिला

भारत में मंकीपॉक्स के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए एक कार्यबल गठित किया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को राजस्थान में भी मंकीपॉक्स का पहला संदिग्ध मरीज मिला। उन्होंने बताया कि राज्य में 20 वर्षीय एक युवक को पिछले चार दिनों से बुखार और शरीर पर दाने होने की शिकायत के बाद एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

केरल में मंकीपॉक्स से संक्रमित युवक की हुई मौत

वहीं, केरल में मंकीपॉक्स से संक्रमति एक युवक की मौत हो गई। केरल सरकार ने आज पुष्टि की कि 30 जुलाई को 22 वर्षीय जिस युवक की मौत हुई थी वह मंकीपॉक्स से संक्रमित था। इस तरह देश में मंकीपॉक्स से यह पहली मौत है। राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मीडिया को बताया कि राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी), पुणे को भेजे गए नमूनों में संक्रमण मिला और यह पश्चिम अफ्रीकी संस्करण था। सीएम विजयन ने कहा कि 22 जुलाई को राज्य पहुंचा यह व्यक्ति इससे पहले 19 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।