नई दिल्ली के मुकरबा चौक फ्लाईओवर पर रविवार को बड़ा हादसा टल गया। एक कार फ्लाईओवर से नीचे हैदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर गिर गई। कार चला रहा व्यक्ति इस हादसे में घायल हो गया। कार काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर पड़ी रही। इसके बाद उसे ट्रैक से हटाया गया और चोटिल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि कार चला रहे व्यक्ति ने कार से नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद उसकी कार रेलवे ट्रैक पर गिर गई। घटना के बाद स्थानीय लोग कार के मलबे के पास पहुंचे और अंदर फंसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला। घटना के बाद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को रेलवे ट्रैक से हटाया।
वजीरपुर फ्लाईओवर से गिरा था युवक
छह सितंबर को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में वजीरपुर फ्लाईओवर से गिरकर एक व्यक्ति घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 6.22 बजे हुई, जब रणजीत नगर निवासी जिलानी (26) फ्लाईओवर से डिपो क्षेत्र में गिर गया। पुलिस को इस घटना की सूचना पीसीआर कॉल पर मिली, जिसके बाद उप-निरीक्षक जितेंद्र राणा और उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची। जब तक वे पहुंचे, घायल जिलानी को पीसीआर वैन द्वारा भगवान महावीर अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। जिलानी के हाथ और कमर में चोटें आईं और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनके कारण जिलानी फ्लाईओवर से गिरा।
मसूदपुर फ्लाईओवर के नीचे सड़क धंसी
नौ अगस्त को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने से शनिवार को वसंत कुंज में मसूदपुर फ्लाईओवर के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया। यह घटना डी-6 क्षेत्र के निकट घटी। फोर्टिस अस्पताल से महिपालपुर की ओर जाने वाली सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया और यात्रियों को अरुणा आसफ अली मार्ग से जाने की सलाह दी गई है। हालांकि, किसी भी व्यक्ति या सामग्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। एहतियात के तौर पर मसूदपुर फ्लाईओवर के नीचे फुटपाथ के पास सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में महिलाओं की बल्ले-बल्ले, अगले महीने मिलेगा सहेली स्मार्ट कार्ड, जानें डिटेल