अगर आप भी नमो भारत ट्रेन से यात्रा करते हैं तो ये खबर आपके लिए है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने सोमवार को घोषणा की है कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए आज यानी 4 से 12 अगस्त तक नमो भारत के 17 स्टेशनों के कई प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे। इसके साथ ही इन स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी सीमित रहेगी। ये अस्थायी प्रतिबंध प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार लगाए गए हैं। इनका उद्देश्य वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सुगम बनाना है।
कौन कौन से स्टेशन होंगे प्रभावित
दी गई जानकारी के मुताबिक, मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर और गाजियाबाद शामिल हैं। अधिकांश स्टेशनों पर गेट नंबर-दो बंद रहेगा। बेगमपुल में गेट-दो और तीन बंद रहेंगे, जबकि दुहाई में गेट तीन और चार बंद रहेंगे। गाजियाबाद स्टेशन पर गेट तीन और पांच बंद रहेंगे। इन स्टेशनों के प्रभावित हिस्सों पर पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी।
एनसीआरटीसी ने लोगों से की अपील
एनसीआरटीसी ने यात्रियों को नमो भारत सेवाओं का उपयोग करने के लिए संबंधित स्टेशनों पर उपलब्ध वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करने की सलाह दी है। निगम ने हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। एनसीआरटीसी ने कहा है, नमो भारत ट्रेन सेवाएं सराय काले खां-मोदीपुरम कॉरिडोर पर सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। ट्रेनें 14 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हर आठ मिनट पर चलेंगी।
यात्रियों की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सोमवार को यात्रियों की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है। अगर सोमवार को अनुमान के अनुरूप 1.50 लाख से अधिक यात्रियों का आंकड़ा दर्ज होता है, तो यह पिछले रिकॉर्ड से करीब 24,500 अधिक होगा। ऐसा होने पर यह अब तक की सबसे अधिक एक दिन की यात्री संख्या होगी। इससे पहले 8 जून 2026 को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर लगभग 1.25 लाख (करीब 1,25,500) यात्रियों ने सफर किया था, जो अब तक का सर्वाधिक दैनिक रिकॉर्ड था।
ये भी पढ़ें:
नमो भारत ट्रेन का नया शेड्यूल जारी! सुबह-शाम के पीक आवर्स में मिलेंगी ज्यादा ट्रेनें, दिल्ली से मेरठ जाना हुआ आसान