1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में लगी आग, दम घुटने से 6 की हालत बिगड़ी; अस्पताल में भर्ती

दिल्ली: चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में लगी आग, दम घुटने से 6 की हालत बिगड़ी; अस्पताल में भर्ती

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 19, 2025 11:16 am IST,  Updated : May 19, 2025 02:58 pm IST

दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक ई-रिक्शा में आग लग गई। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में चार्जिंग के दौरान आग लगी। इसके बाद दम घुटने से 6 लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में लगी आग।- India TV Hindi
चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में लगी आग। Image Source : DELHI POLICE

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर ई-रिक्शा में आग लगने का मामला सामने आया है। यहां दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक शख्स ने ई-रिक्शा को चार्ज में लगाया था। इसी बीच अचानक से ई-रिक्शा में आग लग गई। आग लगने के बाद घर में धुआं भर गया। वहीं दम घुटने की वजह से दो बच्चों समेत 6 लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। आनन-फानन में पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से आगे के इलाज के लिए उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी। 

6 लोगों की तबीयत खराब

दरअसल, पूरा मामला दिल्ली के शाहदरा इलाके का है। यहां एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा चार्ज करते समय अचानक आग लग गई। इस घटना में 2 बच्चों समेत 6 लोगों को दम घुटने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 30 वर्षीय सनी 5-10% झुलस गया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। वहीं आग लगने के बाद सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कोचिंग सेंटर में लगी आग

बता दें कि इससे पहले रविवार को मध्य दिल्ली में एक इमारत की चौथी और पांचवीं मंजिल पर स्थित कोचिंग सेंटर में आग लग गई थी। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह से छात्रों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुबह 11.08 बजे ओल्ड राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार रोड पर आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग के अधिकारियों ने कहा, ‘‘दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दोपहर 12:20 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।’’ फिलहाल प्रारंभिक जांच से शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने के संकेत मिले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।