1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली एनसीआर में आंधी, तूफान और पानी ने बरपाया कहर, जानें कहां-कहां और क्या-क्या हुआ प्रभावित

दिल्ली एनसीआर में आंधी, तूफान और पानी ने बरपाया कहर, जानें कहां-कहां और क्या-क्या हुआ प्रभावित

 Written By: Shailendra Tiwari
 Published : May 21, 2025 11:13 pm IST,  Updated : May 21, 2025 11:50 pm IST

दिल्ली एनसीआर में देर शाम हुई आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने तबाही ला दी है, दिल्ली में कई जगह पेड़ उखड़ गए, जिससे कई जगहों पर लाइट भी गुल हो गई और दिल्ली मेट्रो सेवा भी प्रभावित रही।

delhi NCR rain Storm- India TV Hindi
दिल्ली एनसीआर में हुई बारिश Image Source : PTI

दिल्ली एनसीआर में आज अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज आंधी-तूफान के साझ झमाझम बारिश हुई। दिल्ली एनसीआर में बारिश के साथ कई जगहों पर ओले भी गिरे। इस आंधी तूफान के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरे, जिससे लोगों का खासा नुकसान भी हुआ। बारिश से पहले करीबन 8.30 बजे मौसम में अचानक बदलाव के चलते नोएडा सेक्टर 10 से धूल भरी आंधी देखने को मिली तो वहीं दिल्ली के कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई। इस दौरान इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-3 से बारिश के दौरान का वीडियो भी सामने आया। 

दिल्ली में दो की हुई मौत

वहीं, खबर मिली कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के वेलकम इलाके में तेज आंधी के चलते स्कूल की दीवार गिर गई है। इसके अलावा, गोकुलपुरी में तेज हवाओं और मौसम की खराब स्थिति के कारण एक पेड़ गिर गया। जहां SHO गोकुलपुरी अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि 2 मोटरसाइकिलें और एक व्यक्ति पेड़ के नीचे दब गए थे। मौके पर व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे पुलिस ने तुरंत पीसीआर गाड़ी के माध्यम से जीटीबी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ टेस्ट की दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय मृतक का नाम अज़हर हैं, जो मौजपुर के विजय मोहल्ला का रहने वाला है। वहीं, पीटीआई के मुताबिक, नई दिल्ली में निजामुद्दीन के पास एक बिजली के खंभा भी तूफान के दौरान गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। 

delhi
Image Source : PTIनिजामुद्दीन में पोल गिरने से एक शख्स की हुई मौत

कई जगहों पर उखड़ गए पेड़

इसके अलावा, दिल्ली के कई इलाकों से तेज बारिश और आंधी के कारण पेड़ उखड़ने की भी खबरें सामने आईं। एएनआई के मुताबिक, तेज हवा, भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण तीन मूर्ति मार्ग पर पेड़ उखड़ने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई। 

इसके अलावा जनपथ रोड पर पेड़ उखड़ गया। इधर यूपी के नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के चलते कई पेड़ उखड़ गए। नोएडा सेक्टर 9 इलाके से एक वीडियो भी सामने आया है। 

इसके अलावा भी, दिल्ली में तेज हवा, भारी बारिश के साथ कई जगहों पर ओलावृष्टि की खबरें सामने आईं। 

दिल्ली और नोएडा में बिजली भी हुईं गुल

दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में बिजली भी गुल बताई जा रही है। बिजली गुल को लेकर दिल्ली की पावर कंपनियां टाटा पावर और बीएसईएस ने जानकारी दी। टाटा पावर-डीडीएल ने कहा, "दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद गरज, ओलावृष्टि और बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों जैसे बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वजीराबाद, धीरपुर, बुराड़ी में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। बिजली की लाइनें पेड़ों और शाखाओं के गिरने से क्षतिग्रस्त हो गईं। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, बिजली के झटके से बचने के लिए एहतियात के तौर पर कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से निलंबित करना पड़ा। टाटा पावर-डीडीएल की टीमें क्षतिग्रस्त बिजली बुनियादी ढांचे की तेजी से बहाली और मरम्मत में लगी हुई हैं। 

बीएसईएस ने भी बयान जारी किया - तेज हवाओं और बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली के तारों पर पेड़ और उनकी शाखाएँ गिरने से बिजली बाधित हुई, बीएसईएस संचालन और रखरखाव दल हाई अलर्ट पर हैं, शिकायतों पर ध्यान देने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को तुरंत तैनात किया गया है। अधिकांश मामलों में, बिजली आपूर्ति तेजी से बहाल की जा रही है। हालांकि, कुछ इलाकों में, गिरे हुए पेड़ों और उनकी शाखाओं से बिजली के बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान के कारण बहाली में सामान्य से अधिक समय लग रहा है।" 

फ्लाइट्स हुईं प्रभावित

इतना ही नहीं तेज आंधी तूफान के कारण कई जगहों की लाइट गुल हुई तो दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स भी प्रभावित रहीं। भारी बारिश और आंधी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। एयरलाइन इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता में भारी बारिश और आंधी के कारण हमारी फ्लाइट शेड्यूल वर्तमान में प्रभावित हुई है।” इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की संचालक कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम की स्थिति और आंधी के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। 

एयर इंडिया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि बारिश और आंधी के कारण आज शाम दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानें बाधित हो सकती हैं। स्पाइसजेट ने ‘एक्स’ पर कहा, “दिल्ली में खराब मौसम (भारी बारिश के साथ आंधी) के कारण सभी प्रस्थान/आगमन और उनसे संबंधित उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा, भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे पर यातायात की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।” डायल ने ‘एक्स’ पर कहा, “दिल्ली में खराब मौसम और आंधी-तूफान के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है।”

दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी हुई बाधित

DMRC ने सेवा अपडेट जारी किया है। अचानक आए तूफान के कारण कुछ स्थानों पर OHE या बाहरी वस्तुओं के मेट्रो ट्रैक पर गिरने से कुछ नुकसान हुआ है। परिणामस्वरूप, शहीद नगर, जहांगीरपुरी और निजामुद्दीन स्टेशनों के पास क्रमशः रेड, येलो और पिंक लाइनों पर इन प्रभावित खंडों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं और उन्हें ठीक किया जा रहा है। सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए इन वस्तुओं को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक दिल्ली मेट्रो ने येलो और पिंक लाइन को फिर से बहाल कर लिया है। 

ये भी पढ़ें:

दिल्ली में आंधी-बारिश के बीच पेड़ उखड़े, 1 की मौत, कहां-कहां हुई बत्ती गुल? BSES और टाटा पावर का आया बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।