1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, रॉन्ग साइड में वाहन चलाने पर चालान 98% बढ़े, LG ने की समीक्षा

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, रॉन्ग साइड में वाहन चलाने पर चालान 98% बढ़े, LG ने की समीक्षा

 Published : Jun 30, 2026 05:10 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 05:13 pm IST

उपराज्यपाल के कहने पर दिल्ली पुलिस ने गलत या रॉन्ग साइड में गाड़ी चलाने और गलत जगह पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। 1 जनवरी, 2026 से 25 जून, 2026 के बीच रॉन्ग साइड पर पर गाड़ी चलाने के लिए 2,033 FIR भी दर्ज की गईं हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

दिल्ली में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। उपराज्यपाल (LG) सरदार तरनजीत सिंह संधू की समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली पुलिस ने गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज किया है। इसके चलते 25 जून 2026 तक गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में जारी चालानों की संख्या में 98 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई में 36.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

एलजी ने हाल ही में की थी समीक्षा बैठक

एलजी ने हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में दिल्ली पुलिस आयुक्त, स्पेशल सीपी (ट्रैफिक), जॉइंट सीपी (ट्रैफिक) और डीसीपी (ट्रैफिक) के साथ राजधानी में ट्रैफिक प्रवर्तन की स्थिति का आकलन किया। बैठक में बताया गया कि जून 2025 तक गलत दिशा में वाहन चलाने पर 1,72,879 चालान किए गए थे, जबकि 25 जून 2026 तक यह संख्या बढ़कर 3,42,381 हो गई। वहीं, अवैध पार्किंग के मामलों में चालानों की संख्या 7,78,258 से बढ़कर 10,62,350 हो गई।

 2,033 एफआईआर की गईं दर्ज

पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी से 25 जून 2026 के बीच गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में 2,033 एफआईआर भी दर्ज की गईं। समीक्षा के दौरान एलजी ने बिना हेलमेट दोपहिया चलाने और एक बाइक पर तीन लोगों के सवार होने (ट्रिपल राइडिंग) के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।

पूर्वी रेंज में सबसे ज्यादा की गई कार्रवाई

जोनवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक वृद्धि ईस्टर्न रेंज में दर्ज की गई। यहां गलत दिशा में वाहन चलाने के चालानों में 189 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और संख्या 33,413 से बढ़कर 96,472 पहुंच गई। अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई में भी 103 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जहां चालानों की संख्या 1,13,070 से बढ़कर 2,29,313 हो गई। इस रेंज में गलत दिशा में वाहन चलाने के 397 एफआईआर भी दर्ज किए गए।

सेंट्रल रेंज में रॉन्ग साइड में वाहन चलाने पर 81.5 प्रतिशत चालान हुए

नॉर्दर्न रेंज में गलत दिशा में वाहन चलाने के चालानों में 128 प्रतिशत और अवैध पार्किंग के मामलों में 51.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं सेंट्रल रेंज में रॉन्ग साइड में वाहन चलाने पर 81.5 प्रतिशत तथा अवैध पार्किंग पर 98 प्रतिशत अधिक चालान किए गए। इसके अलावा नई दिल्ली रेंज में गलत दिशा में वाहन चलाने के चालानों में 105 प्रतिशत, सदर्न रेंज में 79 प्रतिशत और वेस्टर्न रेंज में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अतिक्रमण हटाने के लिए 4,900 विशेष अभियान

दिल्ली पुलिस ने जनवरी से जून 2026 के बीच स्थानीय निकायों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) और मार्केट ट्रेड एसोसिएशनों (MTA) के सहयोग से 4,900 विशेष संयुक्त अभियान चलाए। इन अभियानों के दौरान पैदल यात्रियों और वाहनों के लिए रास्ता साफ कराने के उद्देश्य से 3.9 लाख अनुचित पार्किंग के चालान जारी किए गए।

इसके साथ ही उपराज्यपाल ने ट्रैफिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियानों को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: 

दिल्ली में लोगों को बड़ी राहत, ई-ऑफिस से हो रहा 75% काम; 177 विभाग और 15 हजार से अधिक कर्मचारी जुड़े

दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा दो साल का रिकॉर्ड, 28 जून की सुबह सबसे गर्म; जानें कब आएगा मानसून?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।