1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश, लौट सकती है ठंड, जानिए अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश, लौट सकती है ठंड, जानिए अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

 Published : Feb 20, 2025 07:21 am IST,  Updated : Feb 20, 2025 07:34 am IST

दिल्ली और नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत राष्ट्रीय राजधानी के आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश हुई। सुबह 6 बजे तक दिल्ली का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में बारिश- India TV Hindi
दिल्ली में बारिश Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली-नोएडा समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार तड़के बारिश हुई। कई इलाकों में खबर लिखे जाने तक हल्की बारिश हो रही थी। बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ठंड लौट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के आसार

जानकारी के अनुसार, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत राष्ट्रीय राजधानी के आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश हुई। दिल्ली में सुबह 6 बजे तक तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में दिन भर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बारिश के साथ चल सकती हैं तेज हवाएं

आईएमडी के अनुसार, गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और दोपहर तक बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 20-30 किमी/घंटा की गति की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 21 फरवरी से आसमान साफ ​​हो जाएगा, जिससे तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। 

दिल्ली में इस वजह से हो रही बारिश

दिल्ली में बारिश उत्तरी पाकिस्तान पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण होने वाले व्यापक मौसम पैटर्न का हिस्सा है। नतीजतन, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश हो रही है। स्काईमेट वेदर के अनुसार इस महीने में दूसरी बार सर्दियों की बारिश हो रही है।  इससे पहले 4 और 5 फरवरी को 0.5 मिमी बारिश हुई थी। फरवरी का आधा महीना बीत जाने के बाद भी दिल्ली में सामान्य 21.5 मिमी से काफी कम बारिश हुई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।