दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने 5 सितंबर यानी अगले 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए गुरुग्राम में मंगलवार को स्कूलों और दफ्तरों को ऑनलाइन प्रारूप में संचालित करने का निर्देश दिया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ हो गया सक्रिय
‘स्काइमेट’ के मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन मामलों के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि शहर में 5 सितंबर (शुक्रवार) तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। उन्होंने कहा, ‘बारिश का यह दौर मानसून और असामान्य रूप से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के समयोजन से शुरू हुआ। इससे हिमालयी राज्यों में भारी वर्षा हो रही है और दिल्ली के मौसम पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है।’
मंगलवार को छाए रहेंगे बादल, होगी बारिश
मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
जानिए दिल्ली में कहां-कहां और कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सोमवार शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग में 18.6 मिमी, पालम में 30.8 मिमी, आया नगर में 48.9 मिमी और लोधी रोड में 16.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, पालम हवाई अड्डा पर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे तेज बारिश के कारण न्यूनतम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई। दृश्यता दोपहर ढाई बजे 2,500 मीटर थी, जो तीन बजे घटकर 800 मीटर रह गई।

गुरुग्राम के लिए जारी हुई खास एजवाइजरी
वहीं, गुरुग्राम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गुरुग्राम की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया, ‘सोमवार दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक गुरुग्राम शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में मंगलवार (2 सितंबर) को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।’
स्कूलों में ऑनलाइन क्लासेस, ऑफिस में वर्क फ्रॉम होम
एडवाइजरी में कहा गया, ‘मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिले के सभी कॉरपोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी जाती है। जिले के सभी स्कूलों को दो सितंबर को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का परामर्श दिया जाता है।’ (भाषा के इनपुट के साथ)