संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने आज यानी 22 अप्रैल 2025 को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल रिजल्ट को घोषित कर दिया है। इसमें दिल्ली के आकाश गर्ग ने पांचवां स्थान हासिल किया है। इसमें पांचवा स्थान हासिल करने वाले आकाश गर्ग ने कहा कि एकाग्र मन से पढ़ाई, तैयारी के घंटों से कहीं अधिक मायने रखती है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल रिजल्ट में आकाश दिल्ली क्षेत्र के टॉपर बने, जबकि ऑल इंडिया लेवल पर उन्होंने पांचवां स्थान हासिल किया है।
उन्होंने कहा, "मैं पढ़ाई के घंटों में नहीं, गुणवत्ता में यकीन करता हूं। मैंने लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई की, जिससे मुझे परीक्षा उत्तीर्ण करने में मदद मिली। मैं घंटों पढ़ाई करने में विश्वास नहीं करता।"
दूसरी बार में लहराया सफलता का परचम
आकाश ने कहा, "मैं अपने पहले प्रयास में सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाया था। फिर मैंने दोबारा परीक्षा देने का फैसला किया और इस बार चयनित हो गया।" आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने आगे कहा, "मैं शुरू से ही पढ़ाई में अच्छा था। मेरे माता-पिता मुझे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए बहुत प्रोत्साहित करते थे।"
आकाश ने कहां से की है पढ़ाई?
आकाश (24) ने दिल्ली के रोहिणी इलाके के गीतारत्न जिंदल पब्लिक स्कूल से 10वीं कक्षा तक और सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल से 11वीं व 12वीं कक्षा की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान में बीटेक किया है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में अपने दूसरे प्रयास में समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर पांचवां स्थान हासिल किया। वह दिल्ली से टॉप 5 में शामिल एकमात्र अभ्यर्थी हैं।
चयन के बाद सेवा और कैडर के चुनाव पर आकाश ने कहा, "मैंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और गृह कैडर यानी अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर चुना है।" उन्होंने कहा कि वह सेवा में आने के बाद शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करना चाहेंगे। (Input With PTI)
ये भी पढ़ें-
जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री कौन थे?