1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. बिहार के सीएम नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, छात्रों के लिए ब्याज मुक्त किया एजुकेशन लोन

बिहार के सीएम नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, छात्रों के लिए ब्याज मुक्त किया एजुकेशन लोन

 Published : Sep 16, 2025 02:07 pm IST,  Updated : Sep 16, 2025 02:17 pm IST

सीएम नीतीश कुमार की सरकार ने शिक्षा ऋण को ब्याज मुक्त करने की घोषणा की है। इस जानकारी को सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट कर साझा किया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार - India TV Hindi
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार Image Source : PTI (FILE)

बिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार में सीएम नीतीश कुमार की सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले शिक्षा ऋण को ब्याज मुक्त करने की घोषणा की है। राज्य के सीएम नीतीश कुमार ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने ऑफिशियल हैंडल(@NitishKumar) से एक पोस्ट भी साझा की है। 

एक्स पर की गई पोस्ट में सीएम नीतीश कुमार ने कहा, "बिहार में 07 निश्चय योजना के अंतर्गत 12वीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र जो उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं उनके लिए 02 अक्टूबर 2016 से बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना लागू है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अधिकतम 04 लाख रुपए का शिक्षा ऋण सामान्य आवेदक को 04 प्रतिशत ब्याज दर पर तथा महिला, दिव्यांग एवं ट्रांसजेन्डर आवेदक को मात्र 01 प्रतिशत ब्याज दर पर दिया जाता है। मुझे यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि अब स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले शिक्षा ऋण की राशि सभी आवेदकों के लिए ब्याज रहित होगी।"  

उन्होंने आगे लिखा, "साथ ही 02 लाख रुपए तक के शिक्षा ऋण को 60 मासिक किस्तों (05 वर्ष) में वापस करने का प्रावधान था, जिसे अब बढ़ाकर अधिकतम 84 मासिक किस्तों (07 वर्ष) में तथा 02 लाख से ऊपर ऋण राशि को 84 मासिक (07 वर्ष) किस्तों से बढ़ाकर अधिकतम 120 मासिक (10 वर्ष) किस्तों में वापस करने का प्रावधान किया गया है।

'इन सुविधाओं से छात्रों के मनोबल में वृद्धि होगी'

"हमलोगों का उद्देश्य है कि राज्य के अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। उच्च शिक्षा के लिए प्रदान की जाने वाली शिक्षा ऋण में दी जाने वाली इन सुविधाओं से छात्रों के मनोबल में वृद्धि होगी और वे अधिक उत्साह एवं लगन से उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य के साथ-साथ राज्य एवं देश का भविष्य भी संवार सकेंगे।"

ये भी पढ़ें- TET पर योगी सरकार का बड़ा फैसला, दिया ये निर्देश

उत्तराखंड के इस जिले में सभी स्कूल रहेंगे बंद, स्थानीय प्रशासन ने घोषित किया अवकाश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।