1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. परीक्षा
  4. 10वीं, 12वीं कक्षाओं के टर्म-1 की बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी, कार्यक्रम 18 अक्टूबर को जारी होगा: CBSE

10वीं, 12वीं कक्षाओं के टर्म-1 की बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी, कार्यक्रम 18 अक्टूबर को जारी होगा: CBSE

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 14, 2021 07:29 pm IST,  Updated : Oct 14, 2021 09:44 pm IST

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सीबीएसई 10वीं और 12वीं की पार्ट-1 की परीक्षा ऑब्जेक्टिव होगी। हर पेपर के लिए डेढ़ घंटे यानी 90 मिनट का समय दिया जाएगा।

CBSE 10वीं और 12वीं की पार्ट-1 की परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट- India TV Hindi
CBSE 10वीं और 12वीं की पार्ट-1 की परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट Image Source : PTI FILE PHOTO

CBSE Class 10, 12th Term-1 board exam Date: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गुरुवार को कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षाओं के ‘टर्म-1’ की बोर्ड परीक्षाएं नवंबर-दिसंबर में ‘ऑफलाइन’ आयोजित की जाएंगी तथा इसके कार्यक्रम की घोषणा 18 अक्टूबर को की जाएगी। बोर्ड ने कहा कि परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ प्रकार की होंगी और परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी।

बोर्ड ने कहा कि, सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए परीक्षा पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे के बजाय, पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे शुरू होगी। अकादमिक सत्र को विभाजित करते हुए दो चरणों में परीक्षाएं लेकर पाठ्यक्रम को समाहित करना कोविड-19 महामारी के मद्देनजर जुलाई में सीबीएसई द्वारा 2021-22 में 10वीं और 12 वीं की परीक्षाओं के लिए विशेष मूल्यांकन योजना का हिस्सा है।

सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, ‘‘टर्म-1 की परीक्षाएं लेने के बाद अंकों के रूप में परिणामों की घोषणा की जाएगी। प्रथम टर्म के बाद किसी भी छात्र को पास (उत्तीर्ण), कंपार्टमेंट और आवश्यक रिपीट श्रेणियों में नहीं रखा जाएगा। अंतिम परिणामों की घोषणा टर्म-1 और टर्म-2 की परीक्षा के बाद की जाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रैक्टिकल परीक्षाएं या आंतरिक मूल्यांकन, टर्म-1 परीक्षाओं के संपन्न होने से पहले स्कूलों में पूरा किया जाएगा।’’ 

सीबीएसई दसवीं और बारहवीं की पहले चरण की बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन तरीके से आयोजित की जाएंगी। 18 अक्टूबर को परीक्षा तिथि की घोषणा की जाएगी। दसवीं और 12वीं कक्षा की पहले चरण (टर्म-1) की बोर्ड परीक्षा में वैकल्पिक प्रश्न पूछे जाएंगे जिसकी अवधि 90 मिनट होगी। भारद्वाज ने कहा कि टर्म-2 की परीक्षा मार्च अप्रैल 2022 में आयोजित की जाएगी और क्या यह वस्तुनिष्ठ या लंबे उत्तरों वाली होगी, वह देश में कोविड -19 की स्थिति पर निर्भर करेगी। 

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2022 सैंपल पेपर कैसे करें डाउनलोड

सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2021-2022 के लिए सैंपल पेपर सीबीएसई द्वारा जारी किया गया है। छात्र ध्यान दें कि टर्म-1 के लिए सैंपल पेपर आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर उपलब्ध है। सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर लॉग-इन करें। 'एकेडमिक पोर्टल' पर क्लिक करें फिर सैंपल पेपर लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद सैंपल पेपर डाउनलोड करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Exams से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन