1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. रिजल्ट्स
  4. 50 दिन से दूसरे बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट का इंतजार कर रहे CBSE 10वीं के छात्र, स्कूलों ने एडमिशन फाइनल नहीं किया पर अप्रैल से मांग रहे फीस

50 दिन से दूसरे बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट का इंतजार कर रहे CBSE 10वीं के छात्र, स्कूलों ने एडमिशन फाइनल नहीं किया पर अप्रैल से मांग रहे फीस

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jul 10, 2026 06:06 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 06:06 pm IST

सीबीएसई ने 10वीं बोर्ड के नतीजे 23 अप्रैल को जारी किए थे। इसके बाद मई के महीने में दूसरी बोर्ड परीक्षा हुई। 21 मई को आखिरी पेपर हुआ था। इसके बाद 50 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दूसरी परीक्षा का रिजल्ट नहीं जारी हुआ है।

Students- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

इस साल सीबीएसई बोर्ड से 10वीं की दूसरी परीक्षा देने वाले छात्र अब तक अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। इन छात्रों की परीक्षा 50 दिन पहले पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक रिजल्ट नहीं जारी हुआ है। इस वजह से छात्रों को 11वीं कक्षा में एडमिशन लेने में परेशानी आ रही है। छात्रों के माता-पिता सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं और बोर्ड से जल्द ही रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं। एक छात्र की मां ने बताया कि बच्चे का एडमिशन अब तक पक्का नहीं हुआ है, क्योंकि दूसरी बोर्ड परीक्षा के नतीजे नहीं आए हैं, लेकिन स्कूल अप्रैल के महीने से फीस की मांग कर रहे हैं।

क्या है मामला?

सीबीएसई ने 10वीं के छात्रों के लिए दो बोर्ड परीक्षा की स्कीम शुरू की है। बोर्ड के अनुसार 2026 से कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा दो बार कराई जा रही है। इसके तहत छात्रों को पहली (मुख्य) परीक्षा में अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा, जबकि दूसरी परीक्षा 'कंपार्टमेंट' श्रेणी वाले छात्रों और अंकों में सुधार चाहने वालों के लिए एक अतिरिक्त अवसर होगी। बोर्ड द्वारा जारी अंक-तालिका-सह-प्रमाणपत्र में दोनों परीक्षाओं में से सबसे अच्छे अंक दिखाए जाएंगे। जो छात्र पहली परीक्षा पास कर लेते हैं, वे विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधार सकते हैं।

68 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी दूसरी परीक्षा

10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 6,68,854 नियमित उम्मीदवारों ने आवेदन किया, जिनमें से 5,25,655 ने सुधार के लिए, 85,285 ने 'कंपार्टमेंट' श्रेणी के तहत और 57,914 ने 'कंपार्टमेंट' तथा सुधार दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन किया। 15 से 21 मई के बीच इन छात्रों की परीक्षा हुई, लेकिन अब तक रिजल्ट नहीं जारी किया गया है। वहीं, अन्य छात्रों का 11वीं कक्षा में एडमिशन अप्रैल के महीने में ही हो चुका है और पढ़ाई भी जारी है, लेकिन जिन छात्रों ने दूसरी परीक्षा दी, उन्हें अभी भी रिजल्ट का इंतजार है, ताकि उनका एडमिशन पूरा हो सके।

छात्रों को हो रही परेशानी

रिजल्ट में देरी के कारण छात्रों और उनके माता-पिता को परेशानी हो रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि एक सप्ताह के अंदर रिजल्ट जारी किया जा सकता है, लेकिन इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एक छात्र के परिजनों ने एक्स पर लिखा कि रिजल्ट में देरी के कारण बच्चे का एडमिशन अब तक नहीं हो सका है, लेकिन स्कूल अप्रैल के महीने से फीस की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

लीक हो गया था UGC-NET समाजशास्त्र का पेपर? शिक्षा मंत्रालय ने दिए जांच के निर्देश

NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा के जल्द घोषित होंगे नतीजे, कॉपियों की चेकिंग जारी होने का किया जा रहा दावा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Results से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन