HBSE Class 12th Result 2024: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (बीएसईएच), भिवानी ने आज 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। जो छात्र एचबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2024 में उपस्थित हुए थे, वे अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in से डाउनलोड कर सकते हैं। नतीजों की घोषणा दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में चेयरमैन वीपी यादव ने की।
नतीजों के मुताबिक, इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 85.31 फीसदी दर्ज किया गया है। इस परीक्षा में सीनियर सेकेंडरी (शैक्षणिक) नियमित परीक्षा में कुल 2,13,504 छात्र उपस्थित हुए, जिनमें से 182136 उत्तीर्ण हुए और 6169 परीक्षार्थी असफल रहे।
बीएसईएच कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में लड़कियों ने 88.14% उत्तीर्ण प्रतिशत हासिल करके लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं, पुरुष छात्रों का पास प्रतिशत 82.52% दर्ज किया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार, संबंधित स्कूल आज शाम बीएसईएच की आधिकारिक वेबसाइट से परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं। अगर कोई स्कूल समय पर रिजल्ट नहीं भेज पाता है तो वह जिम्मेदार होगा।
बोर्ड के चेयरमैन के मुताबिक, सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 83.35 फीसदी और प्राइवेट स्कूलों का पास प्रतिशत 88.12 फीसदी रहा।
इस साल, हरियाणा बोर्ड परीक्षा 2024 27 फरवरी से 2 अप्रैल के बीच पेन और पेपर मोड में आयोजित की गई थी, जिसमें 2,21,484 से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा 1,482 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12.30 बजे से 3.30 बजे तक आयोजित की गई थी।
ये भी पढ़ें- भारत में आखिर कौन बनाता है EVM?
संपादक की पसंद