1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. रिजल्ट्स
  4. UPSC CSE AIR 1: सिविल सेवा परीक्षा में हासिल किया रैंक 1, जानें कौन हैं शक्ति दुबे?

UPSC CSE AIR 1: सिविल सेवा परीक्षा में हासिल किया रैंक 1, जानें कौन हैं शक्ति दुबे?

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 22, 2025 03:31 pm IST,  Updated : Apr 22, 2025 03:53 pm IST

सिविल सेवा परीक्षा 2024 का रिजल्ट आ चुका है। इस परीक्षा में शक्ति दुबे ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं दूसरे स्थान पर हैं हर्षिता गोयल। ऐसे में चलिए बताते हैं कि कौन हैं शक्ति दुबे।

UPSC CSE AIR 1 Who is Shakti Dubey who secured rank 1 in Civil Services Exam- India TV Hindi
कौन हैं शक्ति दूबे Image Source : YOUTUBE/CHAHAL ACADEMY

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन यानी यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 के रिजल्ट को जारी कर दिया है। शक्ति दुबे ने इस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल किया है। वहीं दूसरे स्थान पर हर्षिता गोयल हैं। बता दें कि यह रिजल्ट लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर तय किया गया है। बता दें कि इंटरव्यू का आयोजन जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच किया गया था। इस परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। ऐसे में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करने वाली शक्ति दुबे आखिर कौन हैं चलिए बताते हैं। 

कौन हैं शक्ति दुबे?

शक्ति दुबे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की रहने वाली हैं। शक्ति ने अपनी स्कूलिंग और ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई प्रयागराज से ही की है। उन्होंने अपने बैचलर की डिग्री इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ली है। इसके बाद पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए शक्ति दूबे बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी चली गईं, जहां से उन्होंने बायोकेमेस्ट्री में मास्टर्स की डिग्री ली। साल 2018 से ही शक्ति दुबे यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। एक मॉक इंटरव्यू में शक्ति दुबे ने ये जानकारी साझा की थी। बता दें कि सिविल सेवा परीक्षा में मिले रैंक के आधार पर ही विभिन्न सेवाओं में उम्मीदवारों को नियुक्तियां दी जाती हैं। जैसे, आईएएस सेवा के लिए 180 रिक्तियां हैं, जिनपर 73 जनरल कैटेगरी के, 18 ईडब्ल्यूएस, 52 ओबीसी, 24 एससी और 13 एसटी उम्मीदवारों की नियुक्तियां की जाएंगी।

1129 खाली पदों पर होगी नियुक्ति

इसके अलावा आईएफएस यानी भारतीय विदेश सेवा के लिए कुल 55 रिक्तियां हैं, जिनपर 23 जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों की नियुक्ति की होगी। वहीं 5 ईडब्ल्यूएस, 13 ओबीसी, 9 एससी और 5 एसटी उम्मीदवारों की नियुक्तियां की जाएंगी। इसी तरह विभिन्न सेवाओं में कुल मिलाकर 1129 पद खाली हैं, जिनको भरने के लिए यूपीएससी ने इस परीक्षा का आयोजन किया। इसमें 50 सीटें दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी आरक्षित हैं। बता दें कि जिन उम्मीदवारों ने भी इस परीक्षा में भाग लिया था, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने रिजल्ट को चेक कर सकते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Results से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन