आज के आधुनिक दौर में हमें दूर बैठे किसी भी शख्स तक अपनी बात पहुंचाने में बस चंद सेकेंड ही लगते हैं, मोबाइल फोन के कारण यह काम सेकेंडों में हो जाता है और लोग एक-दूसरे से वार्ता कर पाते हैं। लेकिन एक जमाना था जब अपनी बात दूर किसी के पास पहुंचाने के लिए या यूं कहें कि हाल-चाल लेने के लिए चिट्ठियों का चलन था, जिसमें भारतीय डाक उन्हें पहंचाने का काम करता था। आज भी भारतीय डाक जिसे पोस्ट ऑफिस भी कहते हैं, पत्र, पार्सल, मनी ऑर्डर या अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया का सबसे ऊंचा पोस्ट ऑफिस भारत में कहां है? अगर नहीं तो कोई बात नहीं, आज इस खबर के जरिए हम इस विवरण से अवगत होंगे।
कहां है दुनिया का सबसे ऊंचा पोस्ट ऑफिस?
देश के हर राज्य में हर जगह पोस्ट ऑफिस मौजूद हैं। दुनिया का सबसे ऊंचा पोस्ट ऑफिस भारत के हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में है। यह पोस्ट ऑफिस हिक्किम गांव में है। यह डाकघर न सिर्फ अपनी ऊंचाई के लिए जाना जाता है, बल्कि एक महत्त्वपूर्ण पर्यटन केंद्र भी है। हर वर्ष यहां देशी-विदेशी सैलानी पर्यटन के लिए भारी तादाद में पहुंचते हैं। लेकिन यहां पहुंचना इतना आसान भी नहीं, 4000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई पर स्थित होने के कारण सर्दी के मौसम में यह इलाका भारी बर्फबारी से पट जाता है।

कब हुई थी इसकी स्थापना
हिक्किम डाकघर को 1983 में स्पीति घाटी में स्थापित किया गया था। इसे भारतीय डाक विभाग द्वारा स्थापित किया गया था। इस डाकघर को एक अनोखे अंदाज में बनाया गया है। इसे लाल रंग के पोस्टबॉक्स के रूप में बनाया गया है, जिसकी वजह से यह आने वाले टूरिस्टों को काफी भाता या यूं कहें कि आकर्षित करता है।
अनोखे अंदाज में बना है ये डाकघर
दुनिया का सबसे ऊंचे डाकघर विशेष रूप से लाल रंग के पोस्टबॉक्स के रूप में बनाया गया है, जो कि यहां आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करता है। हालांकि, यहां अधिक ऊंचाई होने के कारण लोगों को इंटरनेट की समस्या का सामना करना पड़ता है।