1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. Bihar Election Result 2020: सात सीटें जहां 500 वोटों से कम रहा जीत का अंतर, हिलसा में 12 वोट से हुई जीत-हार

Bihar Election Result 2020: सात सीटें जहां 500 वोटों से कम रहा जीत का अंतर, हिलसा में 12 वोट से हुई जीत-हार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 11, 2020 10:56 am IST,  Updated : Nov 11, 2020 10:56 am IST

इस चुनाव में कई सीटों पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा और उम्मीदवारों के हार-जीत का फैसला काफी कम वोटों के अंतर से हुआ। एक नजर डालते हैं उन सीटों पर जहां हार-जीत का अंतर 500 से कम रहा। 

Bihar Election Result 2020- India TV Hindi
Bihar Election Result 2020: सात सीटें जहां 500 से कम रहा जीत का अंतर, हिलसा में 12 वोट से हुई जीत-हार  Image Source : PTI

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत मिलने के साथ ही एक बार फिर से बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया है। इस चुनाव में नीतीश एनडीए की ओर से सीएम का चेहरा थे जबकि उनके प्रतिद्वंदी और महागठबंधन की ओर से सीएम का चेहरा तेजस्वी यादव का रथ बहुमत के आंकड़ों से पहले ही रूक गया है। एनडीओ को 125 सीटें मिली जबकि महागठबंधन को 110, एलजेपी को एक और अन्य के खाते में सात सीटें गई हैं। इस चुनाव में कई सीटों पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा और उम्मीदवारों के हार-जीत का फैसला काफी कम वोटों के अंतर से हुआ। एक नजर डालते हैं उन सीटों पर जहां हार-जीत का अंतर 500 से कम रहा। 

हिलसा

हिलसा में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। यहां महज 12 वोटों के अंतर से हार और जीत का फैसला हुआ। हिलसा सीट पर जनता दल यूनाइटेड के कृष्णमुरारी शरण ने राष्ट्रीय जनता दल के शक्ति सिंह यादव को महज 12 वोटों के अंतर से हरा दिया। कृष्ण मुरारी शरण को कुल 61,848 वोट मिले जबकि शक्ति सिंह यादव को कुल 61,836 वोट मिले। 

बछवाड़ा 
बछवाड़ा सीट पर हार-जीत का अंतर 484 वोटों का रहा। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सुरेंद्र मेहता ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार अवधेश कुमार राय को 484 वोटों के अंतर से हराया। सुरेंद्र मेहता को कुल 54,738 वोट मिले जबकि अवधेश कुमार राय को 54,254 वोट मिले।

बरबीघा
बरबीघा विधानसभा सीट पर महज 113 वोटों के अंतर से हार-जीत तय हुई। इस सीट पर जनता दल यूनाइटेड के सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी गजानंद साही को 113 वोटों से हराया। सुदर्शन कुमार को कुल 39878 वोट मिले जबकि गजानंद शाही को 39765 वोट मिले। वहीं इस सीट पर लोकजनशक्ति पार्टी के मधुकर कुमार को 18,930 वोट मिले। 

भोरे
भोरे विधानसभा सीट पर हार और जीत का अंतर महज 462 वोटों का रहा। इस सीट पर जनता दल यूनाइडेट के सुनील कुमार ने सीपीआईएमएल के जीतेंद्र पासवान को 462 वोटों से हराया। सुनील कुमार को कुल 74,067 वोट मिले वहीं जीतेंद्र पासवान 73,605 वोट पाने में कामयाब रहे। 

डेहरी
डेहरी विधानसभा सीट पर हार और जीत का अंतर महज 464 वोटों का रहा। इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल के फतेह बहादुर सिंह ने भाजपा के सत्यनारायण सिंह को 464 वोटों से हाराया। फतेह बहादुर सिंह को 64567 वोट मिले जबकि सत्यनारायण सिंह कुल 64103 वोट पाने में कामयाब रहे।

मटिहानी
मटिहानी सीट पर भी कांटे का मुकाबला रहा और यहां पर लोकजनशक्ति पार्टी को सफलता मिली। यहां हार और जीत का अंतर महज 333 वोटों का रहा। लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार राज कुमार सिंह ने जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार नरेंद्र कुमार सिंह 333 वोटों से हराया। राज कुमार सिंह को 61 हजार 364 वोट मिले जबकि नरेंद्र कुमार सिंह को 61 हजार 31 वोट मिले। वहीं तीसरे नंबर पर सीपीआई (एम) के राजेंद्र प्रसाद सिंह को 60 हजार 599 वोट मिले।

रामगढ़
रामगढ़ सीट पर भी कांटे का मुकाबला रहा और यहां हार-जीत का अंतर 189 वोटों का रहा। आरजेडी के सुधाकर सिंह ने बीएसपी के अंबिका सिंह को 189 वोटों से हराया। सुधाकर सिंह को कुल 58,083 वोट मिले जबकि बीएसपी के अंबिका सिंह को 57,894 वोट मिले। वहीं तीसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी रही। भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह को 56084 वोट मिले।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024