1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. बिहार चुनाव: पहले चरण के मतदान के बीच पीएम मोदी ने किया ट्वीट, लोगों से की मतदान अपील

बिहार चुनाव: पहले चरण के मतदान के बीच पीएम मोदी ने किया ट्वीट, लोगों से की मतदान अपील

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 28, 2020 08:23 am IST,  Updated : Oct 28, 2020 08:23 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता से कोरोना संक्रमण के दौरान प्रोटोकोल का पालन करते हुए भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है।

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi Image Source : PTI

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान की प्रक्रिया बुधवार को शुरू हो चुकी है। प्रदेश की 71 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता से कोरोना संक्रमण के दौरान प्रोटोकोल का पालन करते हुए भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है। 

प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा 

बिहार विधानसभा चुनावों में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे कोविड संबंधी सावधानियों को बरतते हुए, लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें।

पहले चरण में 1066 उम्मीदवार

बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिये 71 सीटों पर आज मतदान हो रहा है जिसमें दो करोड़ से अधिक मतदाता 1,066 उम्मीदवारों की किस्मत पर फैसला करेंगे। कोविड-19 के बीच हो रहे चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने सुरक्षित मतदान के लिये दिशानिर्देश जारी किये हैं। इन दिशानिर्देशों के तहत एक मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1600 से घटाकर 1000 कर दी गयी है। साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिये पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन को सेनिटाइज करना, मतदान कर्मियों के लिये मास्क और सुरक्षा सामग्री और थर्मल स्कैनर, हैंड सेनिटाइजर, साबुन और पानी उपलब्ध कराना शामिल है। 

2 करोड़ से ज्यादा मतदाता

निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें से 1.01 करोड़ महिलाएं हैं और 599 तृतीय लिंगी हैं। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में 952 पुरूष और 114 महिलाएं हैं। गया शहर सीट पर सबसे अधिक 27 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि बांका जिले की कटोरिया सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। पहले चरण की 71 सीटों पर हो रहे चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू 71 में से 35 सीटों पर चुनाव लड़ रही जबकि उसकी सहयोगी भाजपा 29 सीटों पर चुनावी समर में है। विपक्षी राजद 42 सीटों पर और कांग्रेस 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी 41 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जिसमें से 35 सीटें वैसी हैं जहां से जदयू चुनाव लड़ रही है। 

ये हैं VIP कैंडिडेट

पहले चरण में प्रमुख उम्मीदवारो में राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली श्रेयसी सिंह जमुई से चुनाव मैदान में है। उनका मुकाबला राजद के विजय प्रकाश से है जो पूर्व केंद्रीय मंत्री और लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले जयप्रकाश नारायण यादव के भाई है। जमुई लोकसभा सीट से सांसद लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान हैं। वहीं, जय प्रकाश नारायण यादव की पुत्री दिव्या प्रकाश तारापुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। पहले चरण के चुनाव में राज्य मंत्रिमंडल के छह सदस्य किस्मत आजमा रहे हैं जिसमे गया शहर से प्रेम कुमार, लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा, बांका से राम नारायण मंडल, जहानाबाद से कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, दिनारा से जयकुमार सिंह, राजपुर से संतोष कुमार निराला शामिल हैं । 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024