1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018
  4. कौन है राम मंदिर ना बनने की सबसे बड़ी बाधा, जानें CM योगी का जवाब

कौन है राम मंदिर ना बनने की सबसे बड़ी बाधा, जानें CM योगी का जवाब

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Nov 14, 2018 08:53 pm IST,  Updated : Nov 14, 2018 08:53 pm IST

सीएम योगी ने कहा कि पहले कभी कोई सोचता भी नहीं था कि पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा का कमल खिलेगा लेकिन आज पूर्वोत्तर की सभी सरकारें पूरी दमदारी के साथ कार्य कर रही हैं।

yogi adityanath- India TV Hindi
yogi adityanath

बिलासपुर: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण में कांग्रेस सबसे बड़ी बाधा है। योगी आदित्यनाथ ने बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के सकरी गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्री राम छत्तीसगढ़ के भांजे भी हैं और हमें सदैव याद रखना चाहिए कि जो राम का नहीं वह हमारे किसी काम का नहीं।

उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने अपने वनगमन का सर्वाधिक समय इस क्षेत्र में गुजारा था इसलिए इस क्षेत्र (छत्तीसगढ़) को चमन होना चाहिए। आदित्यनाथ ने कहा कि हमने यूपी में उस कमिश्नरी का नाम ही अयोध्या कर दिया है जिससे देश और दुनिया के लोग उस स्थान को भगवान राम के नाम से जान सकें। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से पूछा अगर कांग्रेस की सरकार होती तो क्या ऐसा हो सकता था? कांग्रेस की सरकार होती तो क्या अयोध्या में दीपोत्सव का कार्यक्रम हो पाता? अगर कांग्रेस की सरकार होती तब क्या भगवन राम के ननिहाल में, रायपुर में उनका भव्य मंदिर बना होता?

योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ में चौथी बार रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाए जाने के संबंध में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के समय यहां पहली सरकार कांग्रेस की ही बनी। उस समय छत्तीसगढ़ एक बीमारू राज्य था। यहां अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। यहां नक्सलवाद पनप रहा था। कोल माफिया और खनन माफिया हावी थे। यहां की जनता को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ नहीं मिलता था।

वर्ष 2003 में सत्ता परिवर्तन के बाद रमन सिंह की सरकार बनी जिसने छत्तीसगढ़ के विकास में नए कीर्तिमान स्थापित किए। कांग्रेस की विभाजनकारी नीतियों से अलग गरीब, किसान, नौजवान, सभी तबके के लोगों के लिए विकास के कार्यक्रम चलाए। किसानों से उनकी उपज का सर्वाधिक क्रय करने वाला राज्य बना। शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्यान्न सुरक्षा के क्षेत्र में देश भर में नए मानक स्थापित किए। केंद्र में साढ़े चार वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार आने के बाद आठ करोड़ रसोई गैस कनेक्शन, 12 करोड़ लोगों को सिर ढकने के लिए छत, 36 करोड़ लोगों के बैंक एकाउंट, चार करोड़ परिवारों को निशुल्क बिजली आदि की सुविधा का लाभ मिला।

उन्होंने कहा कि पहले कभी कोई सोचता भी नहीं था कि पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा का कमल खिलेगा लेकिन आज पूर्वोत्तर की सभी सरकारें पूरी दमदारी के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 11 दिसंबर को आने वाले विधानसभा चुनावी नतीजों के बाद मिजोरम में भी भाजपा की सरकार बनेगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान के दौरान मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया है। उन्हें पूरा यकीन है कि भाजपा वहां भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Chhattisgarh Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024