1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. दिल्ली विधान सभा चुनाव 2020
  4. दिल्ली में फिर 'आप' की सरकार, तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस का फिर नहीं खुला खाता

दिल्ली में फिर 'आप' की सरकार, तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस का फिर नहीं खुला खाता

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 11, 2020 09:31 pm IST,  Updated : Feb 11, 2020 11:59 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारी मतों से जीत हासिल करने के बाद मंगलवार को कनाट प्लेस स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दर्शन किया। केजरीवाल के साथ उनका परिवार और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे।

AAP Wins- India TV Hindi
दिल्ली में फिर 'आप' की सरकार Image Source : PTI

नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव में एकबार फिर आम आदमी पार्टी ने परचम लहराया है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 62 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि मुख्य प्रतिद्वंदी भाजपा को महज 8 सीटें ही नसीब हुईं। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी का एकबार फिर से खाता नहीं खुल पाया। AAP मुख्यालय में जश्न में डूबे समर्थकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को संक्षिप्त संबोधन में केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली वालों आपने गजब कर दिया। आई लव यू।’’

अब बुधवार 12 बजे अरविंद केजरीवाल के घर आप के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक होगी। इस बैठक में केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। जिसके बाद अरविंद केजरीवाल LG से मिलकर सरकार बनने का दावा करेंगे।

दिल्ली वालों ने नई राजनीति को जन्म दिया- अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली सीट से जीतने वाले केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह उन सभी और हर परिवार की जीत है जिन्होंने मुझे अपना बेटा माना और इतना बड़ा जनादेश दिया। आज दिल्ली वालों ने एक नई राजनीति को जन्म दिया काम की राजनीति।’’ दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप को प्रचंड बहुमत मिला है जबकि उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पायी और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला। उन्होंने कहा दिल्ली के लोगों ने साफ संदेश दे दिया कि उनका वोट उनके लिए है, जिन्होंने स्कूल, अस्पताल, मोहल्ला क्लीनिक बनाए और सस्ती बिजली, हर घर को पानी मुहैया कराए और सड़क बनाए।

जीत के बाद हनुमान मंदिर गए केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारी मतों से जीत हासिल करने के बाद मंगलवार को कनाट प्लेस स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दर्शन किया। केजरीवाल के साथ उनका परिवार और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। केजरीवाल ने AAP मुख्यालय पर पार्टी कर्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज मंगलवार है। हनुमान जी का दिन है। हनुमान जी ने आज दिल्ली पर अपनी कृपा बरसाई है। हनुमान जी का भी बहुत-बहुत धन्यवाद। हम सब दिल्ली वासी प्रभु से यही कामना करते हैं कि आने वाले पांच साल में भी हमें ऐसे ही दिशा दिखाता रहे।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत पर मंगलवार को अरविंद केजरीवाल को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के लिए आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी को बधाई। मैं दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’’ अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। अपने जवाब में उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आपका धन्यवाद सर। मैं हमारी राजधानी को वास्तव में विश्व स्तर का शहर बनाने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।’’ 

2015 में 67 सीटें जीती थी AAP

दिल्ली विधानसभा के पिछले चुनाव (2015) में आम आदमी पार्टी (आप) को कुल 70 में 67 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। केजरीवाल वर्ष 2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे और उस चुनाव में आप ने सिर्फ 28 सीटों पर जीत हासिल की थी और उन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। हालांकि, उनकी यह सरकार केवल 49 दिनों तक ही चल पाई थी।

कांग्रेस की हार के बाद सुभाष चोपड़ा ने इस्तीफा दिया

दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया। चोपड़ा के अनुसार उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। अब आलाकमान को मेरे इस्तीफे पर निर्णय लेना है।’’ 

कांग्रेस के 63 प्रत्याशियों की जमानत जब्त

दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन किया है और कुल हुए मतदान में से पार्टी को पांच फीसदी से भी कम वोट मिले हैं। कांग्रेस के 63 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में 15 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में नाकाम रही है। पार्टी के तीन उम्मीदवार- गांधी नगर से अरविंदर सिंह लवली, बादली से देवेंद्र यादव और कस्तूरबा नगर से अभिषेक दत्त- ही अपनी जमानत बचा पाए हैं।

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Delhi Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024