1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधान सभा चुनाव 2019
  4. सुखबीर बादल ने साधा BJP पर निशाना, कहा अनैतिक तरीके से अकाली विधायक को अपने साथ मिलाया

सुखबीर बादल ने साधा BJP पर निशाना, कहा अनैतिक तरीके से अकाली विधायक को अपने साथ मिलाया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 27, 2019 07:30 pm IST,  Updated : Sep 27, 2019 07:30 pm IST

शिरोमणि अकाली दल (SAD) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि भाजपा ने अनैतिक तरीके से हरियाणा में अकाली विधायक को अपने साथ मिलाया है

BJP unethically induct SAD MLA says Sukhbir Singh Badal- India TV Hindi
BJP unethically induct SAD MLA says Sukhbir Singh Badal Image Source : SAD TWITTER

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (SAD) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि भाजपा ने अनैतिक तरीके से हरियाणा में अकाली विधायक को अपने साथ मिलाया है। हालांकि सुखबीर सिंह बादल ने यह भी कहा कि इससे पंजाब और दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल गठबंधन पर फर्क नहीं पड़ेगा और गठबंधन पहले की तरह चलता रहेगा। 

बादल ने कहा कि हर रिश्ते की एक मर्यादा होती है और अकाली दल के मौजूदा विधायक को अपने खेमे में शामिल करने से उनके गठबंधन की मर्यादा का उल्लंघन हो रहा है। कलांवली के विधायक बलकौर सिंह गुरुवार को नयी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की राज्य को ‘‘ईमानदार’’ सरकार देने के लिए प्रशंसा की।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘अकाली दल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने का फैसला किया है। पंजाब में कोई समस्या नहीं है जहां भाजपा के साथ हमारा गठबंधन है। पंजाब और दिल्ली में हमारा गठबंधन कायम है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में पहले भी भाजपा के साथ हमारा गठबंधन नहीं रहा। लेकिन पुराने सहयोगी दल होने के नाते हमारी एक प्रतिबद्धता है।’’ बादल ने कहा, ‘‘उन्होंने जो किया है वह अत्यंत निंदनीय है। खासतौर पर ऐसी पार्टी के साथ जो हमेशा उसके (भाजपा के) साथ खड़ी रही। उस पार्टी के साथ ऐसा करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और हमारी पार्टी इसकी पुरजोर निंदा करती है।’’ इससे पहले अकाली दल ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर हरियाणा विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की प्रतिबद्धता से पीछे हटने का आरोप लगाया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने भाजपा के उम्मीदवारों को समर्थन दिया था। अकाली दल की कोर कमेटी के एक सदस्य ने कहा, ‘‘जब भाजपा के लिए अकाली दल के कदम पर ऐसे ही रुख का वक्त आया तो वह पलट गयी और यहां तक कि अकाली दल के एक विधायक को अपने खेमे में शामिल कर लिया।’’ अकाली दल ने हरियाणा के प्रभारी महासचिव बलविंदर सिंह की अध्यक्षता में समिति बनाई थी जिसे हरियाणा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के मुद्दे पर भाजपा से बातचीत का काम सौंपा गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Haryana Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024