1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधान सभा चुनाव 2019
  4. हरियाणा विधानसभा चुनाव: वोट देने के लिए साइकिल पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे CM खट्टर

हरियाणा विधानसभा चुनाव: वोट देने के लिए साइकिल पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे CM खट्टर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 21, 2019 12:54 pm IST,  Updated : Oct 21, 2019 12:54 pm IST

करनाल में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं जन शताब्दी ट्रेन से करनाल पहुंचा। उसके बाद ई-रिक्शा में सवार हुआ और फिर मतदान केंद्र तक साइकिल से पहुंचा।’

Haryana Chief Minister Manohar Lal Khattar rides a cycle to the polling booth | ANI- India TV Hindi
Haryana Chief Minister Manohar Lal Khattar rides a cycle to the polling booth | ANI

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मतदान करने के लिए चंडीगढ़ से ट्रेन की यात्रा करके करनाल पहुंचे थे। इसके बाद वह साइकिल पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान सोमवार सुबह शुरू हो गया। सीएम खट्टर (65) ने कहा कि करनाल तक रेल यात्रा में सहयात्रियों के साथ उनका अच्छा संवाद हुआ। मीडिया से बात करते हुए खट्टर ने कहा कि जहां तक संभव हो लोगों को साइकिल से यात्रा करनी चाहिए।

करनाल में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं जन शताब्दी ट्रेन से करनाल पहुंचा। उसके बाद ई-रिक्शा में सवार हुआ और फिर मतदान केंद्र तक साइकिल से पहुंचा।’ 2 घंटे की रेल यात्रा के बारे में खट्टर ने ट्वीट किया, ‘मतदान करने के लिए करनाल तक की यात्रा के दौरान सहयात्रियों से अच्छा संवाद हुआ।’ खट्टर चंडीगढ़ में अपने आधिकारिक आवास से सचिवालय पहुंचने के लिए पहले भी कई बार साइकिल का प्रयोग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो लोगों को साइकिल से यात्रा करना चाहिए।


खट्टर ने कहा कि कहीं नजदीक आने-जाने के लिए तो साइकिल का इस्तेमाल किया ही जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। खट्टर ने लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मैं आप सभी से लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी करने की अपील करता हूं। बड़ी संख्या में आएं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। हर नागरिक से मेरा विन्रम अनुरोध है कि वह बाहर आएं और मतदान करें। मजबूत सरकार के लिए हर एक वोट महत्वपूर्ण है।’ (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Haryana Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024